नवरात्रि में गरबा करने का मन है, लेकिन पार्टनर नहीं मिल रहा? सोशल मीडिया पर इसका मजेदार हल सामने आया है। एक वायरल पोस्ट में गरबा पार्टनर के लिए पैकेज दिए गए हैं। जानिए क्या है ये दिलचस्प मामला –
नवरात्रि आते ही गरबा और डांडिया की तैयारी शुरू हो जाती है। नए कपड़े, मैचिंग ज्वेलरी, मेकअप और गरबा के स्टेप्स से लेकर दोस्तों के साथ जाने की प्लानिंग तक, सब कुछ शुरू हो जाता है। लेकिन इस पूरी तैयारी के बीच एक छोटी सी परेशानी कई लोगों के सामने रहती है- गरबा खेलने के लिए पार्टनर कहां से लाएं? अब इसी परेशानी को एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इतना मजेदार बना दिया कि लोग इसे देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। पोस्ट में बाकायदा ‘किराए पर गरबा पार्टनर’ देने के लिए तीन पैकेज बताए गए हैं। कीमत भी तय है और हर पैकेज में कुछ अलग सुविधाएं मिल रही हैं। यही वजह है कि यह पोस्ट लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
गरबा पार्टनर चाहिए? ये रहे तीन पैकेज
1. सबसे सस्ता पैकेज
सबसे पहले है सिल्वर पैकेज, जिसकी कीमत 1,000 रुपये है। इसमें आपको दो घंटे तक गरबा खेलने के लिए पार्टनर मिलेगा। इतना ही नहीं, दोनों के आउटफिट भी मैचिंग रखे जाएंगे। अगर आपको गरबा के बेसिक स्टेप्स नहीं आते, तो पार्टनर उन्हें सीखने में भी आपकी मदद करेगा। यानी डांस को लेकर टेंशन लेने की जरूरत नहीं। इसके साथ कुछ यूनिक सेल्फी भी क्लिक करने का मजेदार प्लान है।
2. थोड़ा ज्यादा समय चाहिए तो गोल्ड पैकेज
अगर दो घंटे कम लग रहे हैं, तो 1,500 रुपये वाला गोल्ड पैकेज है। इसमें गरबा कार्यक्रम के दौरान चार घंटे तक पार्टनर आपका साथ देगा। लेकिन इस पैकेज की सबसे मजेदार चीज है इसकी कहानी। इसमें दोनों के लिए एक प्यारी सी ‘हम कैसे मिले’ वाली कहानी भी तैयार रहेगी, ताकि दोस्तों के सवालों से बचा जा सके। इतना ही नहीं, पार्टनर आपके दोस्तों को ‘भाई’ और ‘भाभी’ भी बुला सकता है।
3. सबसे महंगा पैकेज
सबसे आखिर में आता है 2,000 रुपये वाला प्लेटिनम पैकेज। इसमें गरबा पार्टनर पूरे दिन आपके साथ रहेगा। साथ ही वह अपने सबसे अच्छे डांस स्टेप्स भी दिखाएगा। यानी जिन्हें गरबा नाइट के लिए सिर्फ कुछ घंटों का नहीं, बल्कि पूरे दिन का साथ चाहिए, उनके लिए यह पैकेज रखा गया है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब लिए मजे
इस पोस्ट को देखकर लोगों का रिएक्शन भी काफी मजेदार रहा। एक व्यक्ति ने मजाक में पूछा कि यह सच में है या सिर्फ मजाक है, क्योंकि उसे सच में गरबा पार्टनर की जरूरत है। एक दूसरे व्यक्ति ने 2,000 रुपये वाले पैकेज को 100 रुपये से कम में देने की मांग कर डाली। किसी ने पूछा कि क्या यही सुविधा अमेरिका में भी मिल सकती है, तो एक यूजर ने कहा कि वह तो सच में इसके लिए आवेदन करने के बारे में सोच रहा है।
क्या वास्तव में सच और सही है ये ऑफर?
गरबा वैसे भी नवरात्रि का ऐसा हिस्सा है जहां डांस, म्यूजिक और रंग-बिरंगे कपड़ों के साथ पूरा माहौल उत्सव जैसा हो जाता है। ऐसे में पार्टनर की तलाश को लेकर बनाया गया यह मजेदार आइडिया लोगों को खूब पसंद आ रहा है। हालांकि, यह सोशल मीडिया पोस्ट मजाक में बनाया गया है या इसके पीछे सच में कोई ऐसी सर्विस है, यह साफ नहीं है। लेकिन एक बात जरूर है- गरबा पार्टनर की तलाश को लेकर लोगों को हंसाने में इस पोस्ट ने कोई कमी नहीं छोड़ी है।