एपी, लॉस एंजिल्स। उत्तरी हॉलीवुड में एक मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर एक वाहन की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार ये हादसा हुआ। लॉस एंजिल्स पुलिस डिपार्टमेंट ने बताया कि शाम छह बजे से ठीक पहले, एक व्यस्त चौराहे पर सफेद एसयूवी कम से कम पांच लोगों से टकरा गई। उन्होंने बताया कि ड्राइवर समेत कम से कम तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
हादसे की वजह का फिलहाल पता नहीं
अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के कारण का पता नहीं लगाया है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। मंगलवार रात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग के कैप्टन वार्नर कैस्टिलो ने बताया कि हमें नहीं पता कि यह जानबूझकर किया गया था या कोई हादसा था। कैस्टिलो ने बताया कि ड्राइवर, जिसका नाम अभी जारी नहीं किया गया है, 60 साल के आसपास का है। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कहीं वह किसी नशे की हालत में तो नहीं था।
सड़के के किनारे सामान बेचने वाले लोग बने शिकार
मेयर करेन बास ने बताया कि पीड़ितों में सड़क किनारे सामान बेचने वाले विक्रेता और पैदल चलने वाले लोग शामिल थे। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के प्रति दुख जताया। लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग चीफ जिम मैकडॉनेल ने कहा कि अधिकारी इलाके के वीडियो फुटेज की जांच करेंगे। उन्होंने इसे “लंबी लेकिन बहुत बारीकी से की जाने वाली जांच” बताया।
ऑनलाइन पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में एक सफेद वाहन फुटपाथ पर, विक्रेताओं के टेंट के पास दिखाई दे रहा है। साथ ही वहां इमरजेंसी टीमें भी मौजूद हैं। कुछ पोस्ट में देखा जा सकता है कि बचाव दल एक व्यक्ति को स्ट्रेचर पर ले जा रहा है।