डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद आकाशवाणी भवन में डटे राहुल व प्रियंका गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राहुल रोल खाते दिख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके इस वीडियो को लेकर यूजर्स अलग-अलग तरह से रिएक्ट कर रहे हैं। इस वीडियो में राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल रोल्स खाते देखे जा सकते हैं। उन्होंने यह रोल्स दिल्ली के मशहूर आउटलेट ‘खान चाचा’ से ऑर्डर किया था।
वीडियो में राहुल और केसी वेणुगोपाल खाते देखे जा सकते हैं, वहीं उनके बगल में प्रियंका गांधी वाड्रा भी हैं जो कुछ नहीं का रही हैं।
वीडियो पर मिल रहे कई तरह के रिएक्शन
राहुल गांधी के लंच वाले वीडियो पर सोशल मीडिया मिक्स्ड रिएक्शन आ रहे हैं। जहां कोई उन्हें पितृपक्ष में नॉनवेज खाने के लिए ट्रोल कर रहा है, तो कोई ये कह कर उनका बचाव कर रहा है कि क्या वो लंच भी न करें।
क्यों आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर हैं राहुल?
आज विपक्ष की ओर से संसद से निर्वाचन आयोग तक मार्च का एलान किया गया था। विपक्ष के करीब 300 सांसद संसद से मार्च करते हुए निकले। जब सांसदों का मार्च आकाशवाणी भवन के करीब पहुंचा तो पुलिस सांसदों को डिटेन करने लगी।
सभी विपक्षी सांसदों को पुलिस बसों में भरकर ले जाने लगी। राहुल को भी बस में बैठा लिया गया था। लेकिन कुछ देर बाद राहुल बस से निकले और पुलिस को चकमा देने के लिए आकाशवाणी भवन के अंदर घुस गए।
कुछ देर बाद जब राहुल वापस जाने का प्रयास करने लगे तो पुलिस वालों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें आकाशवाणी परिसर से बाहर नहीं निकलने दिया।
जब बाहर नहीं जाने दिया तो वहीं डटे
जब बाहर निकलने की सभी कोशिशें नाकाम रहीं तो राहुल प्रियंका आकाशवाणी परिसर में ही एक बरगद के पेड़ के चारों तरफ बने चबूतरे के पास धरने पर बैठ गए।
उनका कहना है कि उन्हें चुनाव आयोग जाकर चुनाव आयुक्त से मिलने दिया जाए। धरने पर बैठे हुए जब दोपहर के लंच का वक्त हुआ तब राहुल व अन्य लोग जो धरने पर बैठे थे उनके लिए लंच ऑर्डर किया गया, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।