Last Updated:
जहां लोगों को नियमों का पालन कराने का काम पुलिस करती है वहीं कई बार खुद पुलिस ही नियमों की धज्जियां उड़ाती हुई दिखती है. सोशल मीडिया के इस दौर में कब क्या वायरल हो जाए इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता. गयाजी के लुटुआ थानाध्यक्ष संटू कुमार के रील वायरल हो रहे हैं. वायरल रील उनके लिए मुसीबत बनती दिख रही है.
गया: जिस खाकी वर्दी पर कानून की रक्षा और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी है उसी खाकी में रीलबाजी का वीडियो सामने आया है. मामला गयाजी के लुटुआ थाने का है, जहां थानाध्यक्ष संटू कुमार के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में थानाध्यक्ष अपनी पत्नी के साथ भोजपुरी गाने पर नजर आ रहे हैं, तो दूसरे वीडियो में गाड़ी चलाते वक्त हरियाणवी गाना बज रहा है. वीडियो में सीट बेल्ट नहीं लगाए होने का दावा भी सामने आया है. अब सवाल यह है कि वर्दी की मर्यादा और पुलिस मैन्युअल्स का पालन कराने वाले अधिकारी खुद नियमों को लेकर कितने गंभीर हैं? हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर पुलिस के वरीय अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.
गयाजी में खाकी वर्दी में रील बनाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं. वायरल वीडियो लुटुआ थानाध्यक्ष संटू कुमार का बताया जा रहा है. पहले वीडियो में थानाध्यक्ष अपनी पत्नी के साथ खड़े नजर आते हैं. बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना बज रहा है ‘सांवरी सुरतिया मोहनी मुरतिया बड़ा नीक लागेले’. वहीं, दूसरे गाने ‘सबके बलमुआ गोरे-गोरे, हमर बलम करिया बा’ पर भी थानाध्यक्ष मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं.
बताया जा रहा है कि इन वीडियो को सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी ने अपलोड किया है. वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष अपनी पत्नी के साथ चारपहिया वाहन से कहीं जाते दिखाई देते हैं. वीडियो के बैकग्राउंड में हरियाणवी गाना ‘मेरे बालम थानेदार चलावे जिप्सी’ बज रहा है. इस वीडियो में थानाध्यक्ष सीट बेल्ट लगाए नजर नहीं आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिस अधिकारी के आचरण और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया और क्या यह ड्यूटी के दौरान का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
खाकी वर्दी महज एक पोशाक नहीं, बल्कि कानून, जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक है. ऐसे में वर्दी में सोशल मीडिया रील बनाने और यातायात नियमों के पालन को लेकर उठ रहे सवालों पर पुलिस विभाग का रुख अहम होगा.
अब निगाहें गयाजी पुलिस के वरीय अधिकारियों पर हैं. क्या इस वायरल वीडियो की जांच होगी? क्या थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा? या फिर इस मामले में कोई कार्रवाई भी होगी? फिलहाल, पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…
और पढ़ें