नवरात्रि का पर्व करीब आते ही गुजरात में गरबा की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘Rent A Garba Partner’ नाम से एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है. पोस्ट में सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम जैसे पैकेज देकर लोगों को गरबा पार्टनर बुक करने का ऑफर दिया जा रहा है. हालांकि, अहमदाबाद साइबर क्राइम सेल ने लोगों से ऐसी पोस्ट के झांसे में आकर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर नहीं करने की अपील की है.
दरअसल, वायरल पोस्ट में गरबा पार्टनर के लिए तीन तरह के पैकेज बताए गए हैं. सिल्वर पैकेज के लिए 1,000 रुपये देकर दो घंटे के लिए पार्टनर मिलने की बात कही गई है. वहीं 1,500 रुपये के गोल्ड पैकेज में चार घंटे और 2,000 रुपये के प्लेटिनम पैकेज में पूरी रात गरबा पार्टनर देने का दावा किया गया है. इन पैकेज में गरबा स्टेप सिखाने, मैचिंग कॉस्ट्यूम और साथ में सेल्फी जैसी सुविधाओं का भी जिक्र किया गया है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से लोगों का ध्यान खींच रही है.
कई पोस्ट AI से जनरेट होने का दावा
अहमदाबाद साइबर क्राइम सेल के एसीपी हार्दिक मांकड़िया ने बताया कि पिछले 5-6 दिनों से ऐसी पोस्ट लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं. शुरुआत में कुछ प्रोफाइल से पोस्ट शेयर की गई थीं. जांच में पता चला कि संबंधित प्रोफाइल असली यूजर्स की थीं और पोस्ट का मकसद सिर्फ सोशल मीडिया पर रीच हासिल करना था. हालांकि, इसके बाद ‘Rent A Garba Partner’ से जुड़ी कई AI जनरेटेड पोस्ट अलग-अलग हैंडल से वायरल होने लगीं.
अनजान प्रोफाइल पर पैसे न भेजें
एसीपी हार्दिक मांकड़िया ने लोगों से अपील की है कि जिस व्यक्ति को वे जानते नहीं हैं या कभी मिले नहीं हैं, उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर भरोसा करके कोई पेमेंट न करें. ऐसे मामलों में पैसे ट्रांसफर करने पर साइबर ठगी हो सकती है. अगर किसी ने ऐसी पोस्ट के जरिए पैसे भेज दिए हैं, तो तुरंत साइबर पुलिस की मदद लेने की सलाह दी गई है.
बजरंग दल ने भी जताई आपत्ति
वायरल पोस्ट को लेकर बजरंग दल ने भी सवाल उठाए हैं. गुजरात के क्षेत्रीय सह संयोजक ज्वलित मेहता ने कहा कि ऐसी पोस्ट के पीछे किसका इरादा है, इसकी जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि नवरात्रि में लोग परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ गरबा करते हैं, ऐसे में पार्टनर रेंट पर देने जैसी पोस्ट की जांच जरूरी है.
ये भी पढ़ें: