Lucknow Viral Video : गुरुग्राम के बाद अब लखनऊ से हिट एंड रन का मामला सामने आया है. यहां के गोमती नगर विस्तार के जनेश्वर मिश्रा पार्क के पास की घटना बताई जा रही है. एक कार सवार युवक पर युवती को टक्कर मारने और इसके बाद उसे कार के बोनट पर कुछ दूर तक ले जाने का आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
युवक ने युवती को मारी टक्कर.
बताया जा रहा है कि कार सवार युवक शाहनवाज और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते हैं. आरोप है कि लड़के को किसी और लड़की के साथ देखकर युवती भड़क गई. दोनों के बीच लड़ाई होने लगी. इस पर युवक कार लेकर भागने लगा तो युवती सामने आ गई. टक्कर लगने पर युवती कार के बोनट पर आ गई और कार सवार उसे कुछ दूरी तक लेकर चला गया. घटना के बाद युवक मौके से कार लेकर फरार हो गया. हादसे में युवती घायल हुई है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने लड़के की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं.
वायरल वीडियो की पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी के आधार पर कार सवार युवक की तलाश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे पूरा विवाद क्या था और दोनों के बीच किस बात को लेकर कहासुनी हुई थी. फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है. युवक के पकड़े जाने के बाद घटना की पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी.
क्या है गुरुग्राम हिट एंड रन केस?
घटना रविवार (13 सितंबर) को गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी. महिला बाइकर शिवानी चौहान का आरोप है कि कार सवार लोगों ने उसका पीछा किया और रुकने को कहा लेकिन जब उसने बात नहीं मानी तो कार सवार लोग उसकी बाइक को टक्कर मारकर भाग गए. कार की टक्कर से गिरने वाली महिला बाइकर सिया ने बताया था कि जब वो सड़क पर गिर गई तो उसके कुछ साथी बाइकर्स ने कार वाले का पीछा भी किया. इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.