ऐश्वर्या राय हाल ही में अमेरिकी लक्जरी होटल ब्रांड के एक एड कैंपेन में नजर आईं. उन्होंने अपने इंस्टाग्रान अकाउंट पर भी इस एड का एक वीडियो शेयर किया है. एड में उनके साथ कई लोगों ने काम किया, लेकिन उनके साथ काम करने वाले चाइल्ड आर्टिस्ट सबका ध्यान खींच रहे हैं.
दरअसल, चाइल्ड आर्टिस्ट नम सिंह दीवाना की एक पुरानी सोशल मीडियो पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया था और उनकी खूबसूरती की तारीफ की थी.
ऐश्वर्या को बताया था दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला
चाइल्ड आर्टिस्ट नम सिंह दीवाना ने 2 मार्च को इस एड कैंपेन के शूट के वक्त की कुछ फोटोज शेयर की थीं. ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ फोटो शेयर करते हुए नम ने लिखा, ‘ऐश ही ऐश. आज मुझे दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला.’
उन्होंने एक्ट्रेस की तारीफ करते हुए आगे लिखा, ‘वो विनम्र, दयालु और सहज स्वभाव की हैं. ऐश्वर्या राय बच्चन से मिलने की खुशी मां के चेहरे पर साफ नजर आ रही थी.’ उन्होंने अपनी मां के लिए प्यार जताया और इस मौके के लिए कास्टिंग से जुड़े प्रवीन वधावन का शुक्रिया भी अदा किया था.
जेडब्ल्यू मैरियट के विज्ञापन में साथ दिखे दोनों
ऐश्वर्या राय बच्चन इस साल ‘जेडब्ल्यू मैरियट’ की ग्लोबल एंबेसडर बनी थीं. इसके बाद ब्रांड ने ‘स्टे इन द मोमेंट’ कैंपेन के तहत एक विज्ञापन जारी किया. इसकी शूटिंग मुंबई के जुहू में स्थित ‘जेडब्ल्यू मैरियट’ में हुई थी. इसी कैंपेन में नम ने एश्वर्या के साथ काम किया था.
इससे पहले नम सिंह विराट कोहली और अमिताभ बच्चन के साथ भी विज्ञापनों में काम कर चुके हैं. अब ऐश्वर्या के साथ उनके इस विज्ञापन के सामने आने के बाद एक्ट्रेस के लिए लिखी गई उनकी पुरानी पोस्ट फिर से चर्चा में आ गई है.