जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Viral Video: जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक और नया वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। इस वीडियो में कुछ लोग एक किशोरी को जबरन घेरकर उसके साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार करते दिख रहे हैं।
चंगुल से छूटने की गुहार
पीड़ित किशोरी मनचलों के चंगुल से छूटने के लिए लगातार मिन्नतें करती दिख रही है। वह ‘छोड़ दीजिए न भैया, हमारा घर पुरबाड़ी टोला है’ कहकर रहम की गुहार लगा रही है। वायरल वीडियो के कल्याणपुर इलाके से संबंधित होने का दावा किया जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
वीडियो में एक बाइक भी नजर आ रही है, हालांकि उसका नंबर पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। दैनिक जागरण इस वायरल वीडियो और इसके साथ किए जा रहे दावों की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी आ चुके मामले
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की पड़ताल कर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश होगा। बता दें कि इससे पूर्व कर्पूरीग्राम और मुसरीघरारी क्षेत्र से भी ऐसे वीडियो सामने आए थे। उन मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।