वन विभाग ने कॉर्बेट के जंगलों में वन्यजीवों की वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। संवेदनशील वन क्षेत्रों की लोकेशन और वन्यजीव गतिविधियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पहले ही प्रतिबंध लागू किया जा चुका है। यह कदम वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
वन विभाग द्वारा कॉर्बेट के जंगलों में वन्यजीवों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। वन विभाग कॉर्बेट टाइगर रिजर्व तथा आसपास वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की फोटो और वीडियो मोबाइल में कैद करके सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरु कर दी है। विभागीय स्तर पर संवेदन शील वन क्षेत्रों की लोकेशन तथा वन्यजीवों से जुड़ी गतिविधियों को सार्वजनिक करने वाली रील्स और वीडियो की निगरानी बढ़ा दी गई है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला द्वारा इस तरह के संकेत दिए हैं।
कॉर्बेट प्रशासन सोशल मीडिया पर पोस्ट वन्यजीवों से जुड़ी गतिविधियों से जुड़े वीडियो और रील्स की निगरानी की जा रही है। विभागीय अधिकारियों द्वारा वीडियो और रील्स में संवेदन शील वन क्षेत्र दिखाने से वन्यजीवों की सुरक्षा और गोपनीयता प्रभावित होने की प्रबल संभावना जताई गई है। बता दें कि मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पर्यटन जोनों में पहले ही सख्त नियम लागू किए जा चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के चलते कॉर्बेट के पर्यटन जोनों में कुछ महीने पहले ही मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया था। कॉर्बेट प्रशासन ने सफारी के दौरान पर्यटकों को मोबाइल साथ न लाने अथवा प्रवेश द्वार पर मौजूद लॉकर में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। कॉर्बेट प्रशासन का कहना है कि भ्रमण के दौरान वन्यजीवों के व्यवहार, प्राकृतावास अथवा जंगल की संवेदन शीलता पर असर पड़ने वाली गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थान की पहचान सार्वजनिक होने से अनावश्यक भीड़ और मानवीय दखल बढ़ने की आशंका उत्पन्न हो जाती है। कॉर्बेट प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों की पहचान कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर नियमों के तहत कार्रवाई करने की प्रक्रिया बढ़ाई जा रही है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला द्वारा वन्यजीव संरक्षण को लेकर विभागीय कर्मियों से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ सामग्री साझा करने का आवाहन किया गया है।