बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है. कम से कम दो बड़े बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा बढ़ाकर Y+ कैटेगरी कर दी गई है. इनमें एक अभिनेता की सुरक्षा X कैटेगरी से बढ़ाकर Y+ और दूसरे की Y कैटेगरी से बढ़ाकर Y+ की गई है.
सूत्रों ने बताया की मुंबई पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हैं. सुरक्षा कारणों से पुलिस ने उन दोनों सितारों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं.
कुछ कलाकारों के परिवारों को भी सुरक्षा
सुरक्षा व्यवस्था की इस समीक्षा में सिर्फ उन कलाकारों को शामिल नहीं किया गया है, जिन्हें सीधे धमकियां मिली हैं, बल्कि उन सितारों को भी सुरक्षा दी जा रही है, जिनकी कुछ ऐसे कलाकारों से नजदीकी है जो गैंग के निशाने पर बताए जा रहे हैं. कुछ कलाकारों के परिवार के सदस्यों को भी X कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है.
सितारों को यात्रा का रूट बताने का निर्देश
रिपोर्ट के मुताबिक, बॉलीवुड सितारों को मुंबई से बाहर यात्रा करने से पहले अपना प्रस्तावित रूट पुलिस के साथ साझा करने के लिए कहा गया है. जिस जगह पर उन्हें जाना है, वहां पहले से सुरक्षा जांच यानी डेस्टिनेशन सैनिटाइजेशन भी किया जाएगा. संबंधित पुलिस स्टेशन को भी अलर्ट किया जाएगा, ताकि कलाकार के उस इलाके में रहने तक जरूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके.
सुरक्षा समीक्षा अभी जारी
मुंबई पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा का स्तर संबंधित व्यक्ति को मिलने वाली धमकी और खतरे के आकलन के आधार पर तय किया जाता है. कई मामलों में सुरक्षा कैटेगरी बदले बिना अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं. बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर चल रही समीक्षा अभी पूरी नहीं हुई है. इसके निष्कर्षों के आधार पर आगे भी सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है.