सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो बवाल मचा रहा है, जिसे देखकर आप भी गुस्से से लाल हो जाएंगे और फिर यात्रियों के एक्शन पर तालियां बजाने लगेंगे. ट्रेन के खचाखच भरे डिब्बे में एक शख्स ने बेशर्मी की सारी हदें पार करते हुए खुले में पेशाब कर दिया. इसके बाद सह-यात्रियों का गुस्सा ऐसा फूटा कि उन्होंने न सिर्फ उस शख्स को थप्पड़ जड़ दिए, बल्कि उससे ही पूरा डिब्बा साफ करवाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं.
गुस्से में लाल हुए यात्री, सह-यात्रियों ने सिखाया सबक
एक्स पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन में पैर रखने की भी जगह नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वह शख्स टॉयलेट जाने के बजाय कोच के अंदर ही पेशाब करने लगता है. जब आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया और टॉयलेट जाने की नसीहत दी, तो वह उल्टा बहस करने लगा. माहौल तब और गर्मा गया जब यात्रियों ने याद दिलाया कि कोच में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद हैं, लेकिन वह अपनी ढिठाई पर अड़ा रहा.
टीटी टिकट चेक कर रहा था, भाई ने सीधे चरित्र प्रमाण पत्र ही कैंसिल करवा लिया। 🤡 https://t.co/LU1bmAHNnn
— खुरपेंची ढांचे (@Khurpenchinfra) September 26, 2026
थप्पड़ पड़ा, कॉलर पकड़ा और हाथ में थमाया पोछा
बेशर्म शख्स की इस बदतमीजी को देखकर यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया. एक गुस्साए यात्री ने जोरदार थप्पड़ जड़ते हुए उसका कॉलर पकड़ लिया. इसके बाद पूरे डिब्बे के लोग एकजुट हो गए और चिल्ला-चिल्लाकर उससे ही फर्श साफ करने को कहने लगे. यात्रियों के इस कड़े रुख के आगे उस शख्स की सारी होशियारी धरी की धरी रह गई और उसे मजबूरन सबके सामने झुककर अपनी फैलाई गंदगी खुद ही साफ करनी पड़ी.
इंटरनेट पर मचा बवाल, लोगों ने जमकर बजाई तालियां
यह वीडियो सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म पर जंगल की आग की तरह फैल गया है. नेटिजन्स इस पर तरह-तरह के रिएक्शंस दे रहे हैं और ऑन द स्पॉट न्याय करने वाले यात्रियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “आजकल लोगों में सिविक सेंस नाम की चीज ही नहीं बची है, ऐसे लोगों का इलाज यही होना चाहिए.” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “बिल्कुल सही किया, जब तक ऐसे बेशर्मों को मौके पर ही सबक नहीं सिखाया जाएगा, तब तक यह सुधार नहीं आएगा.”
यह भी पढ़ें: बप्पा की भक्ति में डूबी तेलंगाना पुलिस, विसर्जन के दौरान लगाए ठुमके; देखें वीडियो
रेलवे सेवा ने भी लिया संज्ञान
वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होते ही ‘रेलवे सेवा’ की नजर भी इस पर पड़ी. रेलवे के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट पर कमेंट करते हुए संबंधित यूजर से ट्रेन नंबर, पीएनआर और यात्रा की विस्तृत जानकारी मांगी गई है ताकि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके. हालांकि, यह घटना किस ट्रेन और किस तारीख की है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यात्रियों के इस बोल्ड एक्शन की चर्चा हर तरफ हो रही है.
यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन के एसी कोच में शीशा तोड़ अंदर घुसा पत्थर, होश उड़ा देगा वीडियो