थाई एक्टर फोर्थ नट्टावाट और जेमिनी नोरावित को गेम शो में ‘बॉलीवुड हीरो’ के अंदाज की नकल करने के बाद भारतीय फैंस की नाराजगी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर भारतीय संस्कृति को स्टीरियोटाइप तरीके से दिखाने की आलोचना के बीच दोनों एक्टर्स ने माफी मांगी।
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ, जब फोर्थ और जेमिनी ‘ए थाई लेट-नाइट शो’ में शामिल हुए थे। शो को कतान्यू सवांगश्री होस्ट कर रहे थे। गेम के दौरान फोर्थ की आंखों पर पट्टी बंधी थी और उन्हें ‘बॉलीवुड हीरो’ का अंदाजा लगाना था। जेमिनी बिना शब्दों का इस्तेमाल किए उन्हें हिंट दे रहे थे। इस दौरान दोनों के हाव-भाव और फोर्थ के बढ़ा-चढ़ाकर किए गए ‘डांस मूव्स’ को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। भारतीय फैंस का कहना है कि यह हिंदुस्तान की संस्कृति और डांस को इस तरह दिखाना सही नहीं है।
फोर्थ नट्टावाट ने X पर पोस्ट कर मांगी माफी
फोर्थ ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह हमेशा समानता और विविधता का समर्थन करते आए हैं। उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद किसी का भी मजाक उड़ाना नहीं था और उनकी हरकतें गेम का हिस्सा थीं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उनके व्यवहार से लोगों की भावनाएं आहत हुईं, जिसके लिए उन्होंने खास तौर पर भारतीय फैंस से माफी मांगी। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैंने हमेशा समानता और विविधता को माना है और उनका समर्थन किया है, और हमेशा करता रहूंगा। मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि मेरी किसी भी नस्ल का मजाक उड़ाने का कोई इरादा या सोच नहीं थी। मैं पूरी ईमानदारी से कहता हूं कि यह सिर्फ एक गेम खेलने का हिस्सा था। हालांकि, अगर मेरी किसी हरकत से किसी की भी भावनाएं आहत हुई हैं, चाहे वे कोई भी हों, और खासकर भारतीय फैंस से तो मैं दिल से माफी मांगना चाहता हूं। यह मेरे लिए आगे अपने व्यवहार को बेहतर बनाने का एक अहम सबक होगा।’
जेमिनी नोरावित ने भी जारी किया बयान
फोर्थ के बाद उनके को-स्टार जेमिनी नोरावित ने भी 9 अक्टूबर को X पर पोस्ट कर माफी मांगी। गेम के दौरान जेमिनी को हंसते हुए देखा गया था, जिसके बाद उन्हें भी आलोचना का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने बयान में कहा कि वीडियो से कई लोगों को परेशानी हुई और उनका किसी देश, संस्कृति या वहां के लोगों का अपमान करने का इरादा नहीं था। जेमिनी ने लिखा, ‘जो घटना हुई और मेरी हरकतों से जो नकारात्मक भावनाएं पैदा हुईं, उसके लिए मैं माफ़ी मांगता हूं। मैं समझता हूं कि जो फुटेज जारी किया गया, उससे कई लोगों को परेशानी या गलतफहमी हो सकती है।’
जेमिनी नोरावित ने अपनी हरकत पर जताया अफसोस
जेमिनी नोरावित ने आगे कहा, ‘मैं यह साफ करना चाहता हूं कि जिस मुद्दे पर अभी चर्चा हो रही है, उसका मजाक उड़ाने का मेरा कोई इरादा नहीं था। न ही मेरा किसी देश, संस्कृति या लोगों को नीचा दिखाने, उनका अपमान करने या उन्हें कमतर समझने का कोई इरादा था। हालांकि, मैं समझता हूं कि मेरे काम अनुचित लग सकते हैं, और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों से मैं दिल से माफी मांगता हूं। आगे से मैं अपने कामों को लेकर ज्यादा सावधान रहूंगा। मुझे सच में बहुत अफसोस है।’
फोर्थ नट्टावाट का वीडियो क्लिप देख भारतीय फैंस क्यों नाराज हुए?
वायरल क्लिप में फोर्थ की आंखों पर पट्टी बंधी हुई है और जेमिनी उन्हें बिना कुछ बोले ‘बॉलीवुड हीरो’ का अंदाजा लगाने में मदद कर रहे थे। इसके लिए जेमिनी ने हाथों और शरीर के हाव-भाव का इस्तेमाल किया। वहीं, फोर्थ ने जवाब तलाशने के दौरान अपना सिर और गर्दन बढ़ा-चढ़ाकर हिलाई, हाथ फैलाए और नाटकीय अंदाज में मूव्स किए। एक समय पर उन्होंने ‘धूम मचाले’ गाना भी गाया, लेकिन इसके बावजूद वह सही जवाब नहीं दे पाए। कई भारतीय दर्शकों को परेशानी गेम से नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति को पेश करने के तरीके से थी। उनके मुताबिक, सिर हिलाने, हाथों के इशारों और बढ़ा-चढ़ाकर डांस करने जैसे हाव-भाव का इस्तेमाल अक्सर भारत के बाहर भारतीय डांस को दिखाने के लिए स्टीरियोटाइप के तौर पर किया जाता है।
फोर्थ-जेमिनी की हरकत पर भड़के भारतीय फैंस
भारतीय फैंस ने X पर सवाल उठाया कि ऐसी हरकतों को नुकसान न पहुंचाने वाले मजाक के तौर पर क्यों देखा जाता है। कई लोगों ने यह भी कहा कि भारत में डांस की सिर्फ एक शैली नहीं है, जिसे कुछ इशारों तक सीमित किया जा सके। देश में क्लासिकल, लोक और समकालीन डांस की कई परंपराएं हैं, जिनकी अपनी अलग पहचान है। विवाद के बीच कई भारतीय फैंस ने दोनों एक्टर्स की माफी को सकारात्मक रूप से लिया। उनका कहना था कि मकसद एक्टर्स को व्यक्तिगत तौर पर निशाना बनाना नहीं, बल्कि उन्हें यह समझाना था कि उनकी परफॉर्मेंस भारतीय दर्शकों को आपत्तिजनक क्यों लगी।
कौन हैं फोर्थ नट्टावाट?
फोर्थ नट्टावाट जिरोच्टिकुल का जन्म 18 अक्टूबर 2004 को हुआ था। उन्होंने ‘थाईलैंड स्कूल स्टार 2019’ जीतने के बाद एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा और एक्टिंग करियर की शुरुआत की। वह चुलालोंगकोर्न यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने ‘F4: थाईलैंड’ समेत कई शो में काम किया है, लेकिन जेमिनी नोरावित के साथ BL (बॉय लव) सीरीज में काम करने के बाद उन्हें खास पहचान मिली।
‘माई स्कूल प्रेसिडेंट’ से मिली लोकप्रियता
फोर्थ और जेमिनी साल 2022 में सीरीज ‘माई स्कूल प्रेसिडेंट’ में साथ नजर आए थे। इस शो में जेमिनी ने स्टूडेंट काउंसिल प्रेसिडेंट टिन का किरदार निभाया था, जबकि फोर्थ स्कूल के म्यूजिक क्लब के लीडर गन के रोल में थे। सीरीज की सफलता के बाद दोनों थाई एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की लोकप्रिय युवा जोड़ियों में शामिल हो गए। इसके बाद दोनों 2023 में ‘मूनलाइट चिकन’ और ‘अवर स्काई 2’ जैसे प्रोजेक्ट्स में साथ दिखाई दिए। साल 2024 में उन्होंने जापानी मांगा पर आधारित थाई अडैप्टेशन ‘माई लव मिक्स-अप!’ में भी काम किया। वहीं, 2026 में दोनों ‘टिकट टू हेवन’ में नजर आए, जो आस्था, टकराव और वर्जित प्रेम जैसे विषयों पर केंद्रित एक गंभीर प्रोजेक्ट था। एक्टिंग के अलावा फोर्थ और जेमिनी ने म्यूजिक में भी हाथ आजमाया है। दोनों ने ‘राइजर म्यूजिक’ के जरिए गाने रिलीज किए हैं। हालांकि, हालिया गेम-शो विवाद के बाद दोनों को भारतीय संस्कृति के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान को लेकर सोशल मीडिया पर सवालों का सामना करना पड़ा है।
माफी मांगने पर भी आया लोगों का रिएक्शन
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट X पर एक यूजर ने लिखा, ‘देखिए, अगर हम सब साथ आएं तो जवाबदेही तय करना मुश्किल नहीं है। अच्छी बात है कि उसने अपनी गलती मानी और माफी मांगी, उम्मीद है कि ऐसा दोबारा नहीं होगा। अब इस मुद्दे को यहीं खत्म कर देना चाहिए। मकसद उसे समझाना था और वह समझ गया।’ एक अन्य यूजर ने कहा, ‘कम से कम आप अपनी गलतियां मान रहे हैं और भविष्य में सावधान रहना चाहते हैं; गलतियों से सीखना उन्हें नजरअंदाज़ करने से बेहतर है। उम्मीद है कि आप वही गलतियां दोबारा नहीं दोहराएंगे, आपको बधाई।’ वहीं, एक तीसरे यूजर ने फोर्थ से भविष्य में ज्यादा सावधानी बरतने की अपील करते हुए लिखा, ‘अगली बार, कृपया सावधान रहें कि आप क्या करते हैं, फ़ोर्थ। कभी-कभी कुछ हरकतें दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती हैं। उम्मीद है कि आप इसे एक सबक के तौर पर लेंगे और भविष्य में ज्यादा सावधान रहेंगे।’ एक अन्य फैन ने लिखा, ‘हमारी बात सुनने और यह समझने के लिए समय निकालने के लिए धन्यवाद कि यह हमारे लिए अपमानजनक क्यों था। भारतीयों के लिए यह लंबे समय से एक संवेदनशील मुद्दा रहा है और हम बस यही चाहते थे कि हमारी संस्कृति को समझा जाए और उसका सम्मान किया जाए। आपके प्रति कोई व्यक्तिगत नफरत या नाराजगी नहीं है।’
पॉन्ड नरावित को भी करना पड़ा था आलोचना का सामना
फोर्थ और जेमिनी से जुड़ा यह विवाद GMMTV के एक अन्य स्टार पॉन्ड नरावित की परफॉर्मेंस पर हुई आलोचना के दो महीने से भी कम समय बाद सामने आया है। अगस्त 2026 में पॉन्ड-फुविन कॉन्सर्ट के पहले दिन पॉन्ड ने फजलिजा का बोस्नियाई गाना ‘हेलिकॉप्टर’ परफॉर्म किया था। वह स्टेज पर पीले रंग के हेलिकॉप्टर में आए थे और उन्होंने परफॉर्मेंस के दौरान पगड़ी और शेरवानी पहनी थी। कुछ दर्शकों को लगा कि परफॉर्मेंस की कोरियोग्राफी के कुछ हिस्से भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैली भरतनाट्यम और फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के गाने ‘मल्हारी’ के मूवमेंट्स से प्रेरित थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी परफॉर्मेंस की आलोचना हुई और #PondapologizetoIndianpeople हैशटैग भी चर्चा में आया। इस विवाद के दौरान GMMTV के शो ‘फिश अपॉन द स्काई’ का एक पुराना कॉमेडी सीक्वेंस भी चर्चा में आ गया। इसमें किरदारों को सिखों के पारंपरिक पहनावे, जैसे पगड़ी और पारंपरिक कपड़ों से मिलते-जुलते परिधानों में दिखाया गया था। कुछ भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों ने इस सीन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसमें सिख पहचान को सिर्फ एक कॉस्ट्यूम और मजाक तक सीमित कर दिया गया।