अजय देवगन की नई फिल्म दृश्यम 3 द कन्क्लूजन एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई है. दृश्यम फ्रैंचाइजी की ये तीसरी और हिंदी में आखिरी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना रही है. अजय की फिल्म को जबरदस्त ओपनिंग मिली थी. पहले वीकेंड इसने भरपूर कमाई की, और अब कामकाजी दिनों में भी ये अपनी पकड़ बनाए हुए है.
मंगलवार को दृश्यम 3 ने कितने कमाए?
दृश्यम 3 की कमाई का अभी तक ग्राफ देखा जाए, तो सबकुछ पॉजिटिव ही नजर आया है. 62 करोड़ की ओपनिंग के बाद, ये अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित होती नजर आई. पहले वीकेंड में दृश्यम की कमाई नेट 150 करोड़ पार गई. बीते कामकाजी दिनों के कारण कलेक्शन में भारी गिरावट देखने मिली. फिल्म ने मंडे टेस्ट आसानी से पास किया, हालांकि मंगलवार से उम्मीदें काफी ज्यादा थीं.
आमतौर पर हर मंगलवार को टिकटों पर अच्छा-खासा डिस्काउंट देखने मिलता है. फिल्मों की टिकट 99 रुपये से लेकर 149 रुपये तक मिलती हैं. इसके चलते कई फिल्मों का तगड़ा मुनाफा भी होता है. मगर लगता है कि अजय की दृश्यम 3 के साथ ऐसा नहीं हो पाया. सैकनिल्क की रिपोर्ट अनुसार, ये फिल्म मंगलवार यानी अपने पांचवे दिन 19 करोड़ का नेट कलेक्शन ही कर पाई. हालांकि, तब भी पांच दिनों में इसका टोटल कलेक्शन 216.50 करोड़ रुपये पहुंचा है.
मंगलवार को फिल्म के 16 हजार के आसपास शोज लगे थे, जहां 23% ऑक्यूपेंसी नोट की गई. वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें, तो दृश्यम 3 अभी तक कुल 341.30 करोड़ कमा पाई है. दृश्यम सीरीज के पिछले पार्ट दृश्यम 2 का लाइफटाइम कलेक्शन रिकॉर्ड 342-345 करोड़ के आसपास था. यानी बुधवार को दृश्यम 3 आराम से अपने पिछले पार्ट का लाइफटाइम कलेक्शन पार कर लेगी. लेकिन असली सवाल ये है कि क्या ये बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ का आंकड़ा पार करेगी?
क्या 500 करोड़ पार होगी दृश्यम 3?
अजय की दृश्यम 3 के लिए ये आंकड़ा पार करना फिलहाल संभव लग रहा है क्योंकि इस समय एक हफ्ते तक कोई भी फिल्म थिएटर में नहीं रिलीज होने वाली है. अब सीधा अगर फिल्मों की रिलीज का सिलसिला शुरू होगा, तो वो 15 अक्टूबर को रजनीकांत की जेलर 2 से होगा. इसके बाद कई सारी फिल्में 16 अक्टूबर को रिलीज होनी है. दृश्यम 3 के पास देखा जाए, तो पूरे एक हफ्ते का समय बाकी है. देखना दिलचस्प होगा कि क्या अजय देवगन को अपने करियर की पहली 500 करोड़ वाली फिल्म मिलेगी या नहीं.
—- समाप्त —-