2 करोड़ के बजट में बनी नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म हनुमान अंश का जलवा अभी भी बरकरार है. आठ हफ्ते बीत गए मगर अभी तक इसकी बॉक्स ऑफिस कमाई पर कोई असर नहीं पड़ा है. फिल्म वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी है. अब फिल्म को साउथ में भी रिलीज किया जाएगा, जिसका पहला तेलुगू ट्रेलर भी सामने आया था.
हनुमान अंश पर ऋचा की क्या सोच?
फिल्म हनुमान अंश की सफलता बॉलीवुड के इतिहास में सबसे बड़ी है. अपने बजट से कई सौ गुना कमाई और जबरदस्त मुनाफा दिलाने वाली ये फिल्म कैसे बॉक्स ऑफिस पर सक्सेसफुल बनी, इसपर कई लोग बात कर चुके हैं. अब बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने बताया कि आखिर कैसे हनुमान अंश जैसी छोटी फिल्म इतनी चल गई.
HT से बातचीत के दौरान ऋचा से पूछा गया कि क्या हनुमान अंश की सफलता से ये साल 2026 कंटेंट और अच्छी कहानियों वाली फिल्मों के लिए कोई बड़ा साल साबित हो रहा है? तो इसपर उन्होंने अपनी सहमति नहीं जताई. उन्होंने कहा- अगर बात हनुमान अंश को लेकर है तो वो अलग बात है. इस साल और क्या चला है? ऑब्सेशन हॉलीवुड फिल्म है, इसलिए हम उसकी तुलना अपनी फिल्मों से नहीं कर सकते. माइथोलॉजिकल फिल्में वैसे भी अच्छा करती हैं.
‘धार्मिक या पौराणिक फिल्में सभी के लिए सुरक्षित होती हैं. ये तो लोग देखते ही हैं. इसलिए अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि सिनेमा में कुछ बहुत अच्छा बदलाव आ रहा है.’ ऋचा का आगे मानना है कि अगर इंडियन सिनेमा को सच में कंटेंट बेस्ड बनाना है, तो सबसे पहले अच्छी कहानियों और लेखकों पर ध्यान देना होगा. उन्होंने कहा कि बेहतर स्क्रिप्ट और राइटर्स को सही पैसे मिलने से फिल्मों में कंटेंट को ज्यादा महत्व मिल सकता है. उनके मुताबिक, तभी वो दौर आ सकता है जब अच्छी कहानी वाली फिल्में सबसे आगे रहें.
इस साल अगर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सक्सेसफुल फिल्मों की बात करें, तो हनुमान अंश के अलावा धुरंधर द रिवेंज ने कमाल दिखाया था और अब दृश्यम 3 भी ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. इनके अलावा साउथ या बॉलीवुड से ऐसी कोई फिल्म नहीं आई, जिसका कंटेंट जबरदस्त हो और वो बॉक्स ऑफिस पर भी चले. अब उम्मीद रजनीकांत की जेलर 2, रणबीर कपूर की रामायण, श्रद्धा कपूर की ईठा और शाहरुख खान की किंग से है. इन फिल्मों ने अभी तक लोगों के बीच अपना जबरदस्त बज बनाया हुआ है.
—- समाप्त —-