रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का क्रेज अब दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही इस फिल्म की नॉर्थ अमेरिका (यूएसए और कनाडा) के बॉक्स ऑफिस पर भी परफॉर्मेंस काफी शानदार रही है. एक मजबूत शुरुआत के बाद, फिल्म ने रिलीज के छह दिनों में ही एक बड़ी कमाई कर ली. ताजा आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने 15 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है और इसी के साथ ये बॉलीवुड की टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में चौथी पोजिशन पर आ गई है.
नॉर्थ अमेरिका में ‘रामायण’ की 6दिनों की कितनी रही कमाई?
बॉलीवुड की इस भव्य फिल्म को ‘डिस्काउंट ट्यूजडे’ और ‘वेटरन्स डे’ की छुट्टी का फायदा मिला, जिससे पहले मंगलवार को इसने 2.01 मिलियन डॉलर की कमाई की. पांचवें दिन की 1.37 मिलियन डॉलर की कमाई के मुकाबले, इसमें 46.71% की बढ़ोतरी हुई. कुल मिलाकर, इस फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका के बॉक्स ऑफिस पर 15.65 मिलियन डॉलर की कमाई की है. इंडियन करेंसी में यह रकम 146.61 करोड़ रुपये के बराबर है.
नॉर्थ अमेरिका में बनी बॉलीवुड की चौथी सबसे बड़ी फिल्म
15.65 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ, ‘रामायण’ ने ‘एनिमल’ (15.01 मिलियन डॉलर) और ‘जवान’ (15.23 मिलियन डॉलर) को पीछे छोड़ दिया है और इसी के साथ इस फिल्म ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. दरअसल ये नॉर्थ अमेरिका में अब तक की चौथी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है. अब इसका अगला टारगेट ‘पठान’ के 17.49 मिलियन डॉलर की कमाई को पीछे छोड़कर तीसरी पोजिशन हासिल करना है.
नॉर्थ अमेरिका में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड की टॉप 10 फिल्में
- धुरंधर 2 – 28.64 मिलियन डॉलर
- धुरंधर – 20.69 मिलियन डॉलर
- पठान – 17.49 मिलियन डॉलर
- रामायण – 15.65 मिलियन डॉलर (6 दिन)
- जवान – 15.23 मिलियन डॉलर
- एनिमल – 15.01 मिलियन डॉलर
- दंगल – 12.19 मिलियन डॉलर
- पद्मावत – 12.17 मिलियन डॉलर
- पीके – 10.62 मिलियन डॉलर
- रॉकी और रानी की प्रेम कहानी – 10.6 मिलियन डॉलर
‘रामायण’ के बारे में
‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और फिल्म को यश और नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म के कलाकारों की बात करें तो ‘रामायण’ में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने माता सीता, यश ने रावल और रवि दुबे ने लक्ष्मण का किरदार निभाया है. फिल्म के अन्य कलाकारों में लारा दत्ता, अरुण गोविल, सनी देओल और रकुल प्रीत सिंह सहित कई शामिल हैं.