मुंबई में काम करने वाले आजमगढ़ के एक नाई की कहानी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। यह नाई अपनी मेहनत से महीने के 1 लाख रुपये कमाता है, शान से ITR भरता है और यूपी की शानदार सड़कों व देश के विकास की तारीफ करता है।
सरकारी नौकरी भी नहीं चाहिए
आजकल जहां युवा सरकारी नौकरी के लिए सालों तैयारी करते हैं, वहीं इस नाई की सोच बिल्कुल अलग है। उसने हर्ष से कहा कि देश में अवसरों या नौकरियों की कोई कमी नहीं है, बस आपको कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। उसका कहना है कि अगर उसे कोई एंट्री-लेवल (शुरुआती) सरकारी नौकरी ऑफर भी करे, तो वह उसे नहीं लेगा क्योंकि उसे अपना काम और अपनी आजादी पसंद है।
यूपी की सड़कों और विकास पर क्या कहा?
जब हर्ष ने उससे उत्तर प्रदेश (UP) के बारे में पूछा, तो उसने वहां हुए विकास की जमकर तारीफ की। नाई ने बताया कि पहले उसके गांव से लखनऊ जाने में 7-8 घंटे लगते थे। लेकिन अब इतनी अच्छी सड़कें बन गई हैं कि उतने ही समय में आप चाय और लंच का ब्रेक लेते हुए गांव से लखनऊ जाकर वापस भी आ सकते हैं। उसने यह भी कहा कि हाईवे इतने शानदार हैं कि चलती गाड़ी में चाय का गिलास भी नहीं छलकेगा। वह देश में हो रहे विकास कार्यों से बहुत खुश है।
गर्व से भरता है इनकम टैक्स रिटर्न
इस नाई की कहानी सिर्फ अच्छी कमाई तक सीमित नहीं है। उसने बताया कि उसके परिवार को गांव में कुछ सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है, लेकिन शहर में नहीं। हालांकि, उसकी कमाई पर टीडीएस कटता है, इसलिए वह बहुत गर्व के साथ अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करता है और कई बार उसे रिफंड भी मिलता है।
नाई का एक बेटा है जिसे वह एक प्राइवेट प्री-स्कूल में भेजता है। उसकी पत्नी भी पहले कुछ अतिरिक्त कमाई करती थी, लेकिन बच्चा अभी छोटा है इसलिए वह फिलहाल ब्रेक पर है और काम नहीं कर रही है।
‘सोशल मीडिया वाली नकारात्मकता से दूर है’
पोस्ट के अंत में हर्ष ने सोशल मीडिया पर चल रहे नकारात्मक नैरेटिव पर एक व्यंग्य भी कसा है। उन्होंने लिखा, “मेरा मन किया कि मैं उसे कहूं कि भारत और अपनी जिंदगी को लेकर यह ‘टॉक्सिक पॉजिटिविटी’ छोड़ दे और तुरंत X और इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट बनाए ताकि उसे हमारे कथित रूप से ‘विफल’ हो चुके राष्ट्र के बारे में ‘सही’ राय मिल सके – लेकिन मेरा ऐसा कहने का दिल ही नहीं किया!”