दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। श्री चमकौर साहिब के नजदीकी गांव सलोमाजरा से एक गरीब परिवार की 6 साल की बच्ची को पड़ोसी द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है।
आरोपी पड़ोसी बच्ची को खाने-पीने की चीज का लालच देकर अपने साथ ले गया था, लेकिन रास्ते में पुलिस नाके से डरकर उसने बच्ची को लुधियाना-चंडीगढ़ मार्ग पर स्थित जिला फतेहगढ़ साहिब के अधीन आते डेरा बाबा मस्त राम के पास छोड़ दिया और फरार हो गया।
सोशल मीडिया रोते हुए वायरल हुई थी वीडियो
इसके बाद सहमी और रोती हुई बच्ची डेरा बाबा मस्त राम पहुंची, जहां लंगर छकते समय वह लगातार रो रही थी। इस दौरान एक श्रद्धालु की नजर रो रही बच्ची पर पड़ी और उसने सूझबूझ दिखाते हुए बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मात्र एक घंटे के भीतर डेरा बाबा मस्त राम पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित उसके माता-पिता के हवाले कर दिया।
पड़ोसी ने नशे की हालत में बहलाकर ले गया था बच्ची को
डेरा बाबा मस्त राम पहुचे थाना श्री चमकौर साहिब के एएसआई सोहन सिंह ने बताया कि उक्त 6 वर्षीय बच्ची वैश्नवी पुत्री अर्जुन सिंह (निवासी गांव सलोमाजरा) के लापता होने की शिकायत परिजनों ने थाना श्री चमकौर साहिब में दर्ज कराई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में एक व्यक्ति के साथ बच्ची जाती हुई दिखाई दी। इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिली कि बच्ची को किसी व्यक्ति ने गांव जटाणा नीवां के पास डेरे के पास छोड़ दिया है।
पुलिस जाच में खुलासा हुआ कि अर्जुन सिंह का एक पड़ोसी शराब पीकर नशे की हालत में बच्ची को बहलाकर ले गया था, जो पुलिस के डर से उसे लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे स्थित डेरा बाबा मस्त राम के पास छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने डेरे से बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके पिता अर्जुन सिंह को सौंप दिया है और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।