Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक भारतीय ट्रैवलर और व्लॉगर का अफगानिस्तान दौरा लोगों का ध्यान खींच रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे अफगानिस्तान की सड़कों पर एक भारतीय पर्यटक स्थानीय लोगों के साथ बेझिझक बातचीत कर रहा है और लोग भी उसका बड़े उत्साह के साथ स्वागत कर रहे हैं.
dr.alok.jaiswal INSTAGRAM
वीडियो की शुरुआत में एक अफगानी शख्स मुस्कुराते हुए व्लॉग बना रहे भारतीय ट्रैवलर से कहता है, अगर आप पाकिस्तान से होते, तो समझो खत्म हो जाते. इस पर आसपास मौजूद लोग हंसने लगते हैं. इसके बाद एक शख्स भारतीय ट्रैवलर से अपना हाथ ऊपर उठाने और रुद्राक्ष दिखाने को कहता है, ताकि यह साबित हो सके कि वह एक हिंदू है.
भारतीय व्लॉगर जब अपना हाथ उठाकर रुद्राक्ष दिखाता है और कहता है, यह देख लिया ना, तो मैं हिंदू हूं, मुसलमान नहीं, तो स्थानीय लोग काफी सहज और खुश नजर आते हैं.
अफगानिस्तान में हिंदू समुदाय पर चर्चा
बातचीत के दौरान जब ट्रैवलर पूछता है कि क्या अफगानिस्तान में भी हिंदू रहते हैं, तो स्थानीय शख्स बताता है कि यहां कई इलाकों में हिंदू समाज के लोग रहते हैं. वह जलालाबाद और कॉन्टिनेंटल होटल के आसपास के इलाकों का जिक्र करते हुए बताता है कि वहां हिंदू समुदाय के लोग निवास करते हैं. इस पर भारतीय ट्रैवलर भी उन जगहों पर घूमने जाने की इच्छा जाहिर करता है.
अकेले यात्रा करने का अलग मजा
वीडियो में आगे दिखता है कि भारतीय ट्रैवलर के चारों ओर स्थानीय अफगान युवाओं और बच्चों की भारी भीड़ जमा हो जाती है. जब लोग उससे पूछते हैं कि क्या वह अकेला आया है, तो वह मुस्कुराते हुए जवाब देता है अकेले, तन्हा! तन्हा घूमने में ही मजा आता है. अगर तीन-चार लोग साथ होते, तो हम आपस में ही लगे रहते और आप लोगों से इस तरह मिलने का मौका नहीं मिलता.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखकर लोग अफगानी लोगों के दोस्ताना रवैये और भारतीय पर्यटक की बेबाकी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @dr.alok.jaiswal नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट सामने आने के बाद लोग इसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शेयर कर रहे हैं. यह खबर भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध वायरल जानकारी पर आधारित है. न्यूज18 इस वीडियो से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है.