सस्पेंस थ्रिलर ‘लोहिताक्ष’ से बड़ी शुरुआत
अपनी पहली फिल्म के बारे में बात करते हुए सिद्धांत इस्सर ने बताया कि ‘लोहिताक्ष’ एक संस्कृत शब्द है, जिसका अर्थ होता है ‘जिसकी आंखों में लहू हो’। फिल्म के कथानक पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें वह सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह के शेड्स निभा रहे हैं। सिद्धांत ने फिल्म की एक खास विशेषता साझा करते हुए बताया कि इसमें उनका 12 मिनट का एक नॉन-स्टॉप सीन है, जिसे उन्होंने काफी मेहनत से तैयार किया है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह का प्रदर्शन भारतीय सिनेमा के पर्दे पर पहली बार देखने को मिलेगा।
फिल्म में सिद्धांत के साथ ‘दृश्यम’ फेम अभिनेता कमलेश तुकाराम सावंत भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जो इस फिल्म में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। सिद्धांत ने अपने पिछले अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में काम किया है और एक आईटी अवार्ड भी अपने नाम किया है। हालांकि, बड़े पर्दे पर यह उनकी पहली फिल्म है, इसलिए वह इसे लेकर काफी सतर्क हैं और कहानी का खुलासा करने से बच रहे हैं ताकि दर्शकों का रोमांच बना रहे।
निर्देशक ने सिद्धांत में देखी हीरो की झलक
फिल्म के निर्देशक भूपेंद्र सिंह ने सिद्धांत के चयन के पीछे की कहानी साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने सिद्धांत की तस्वीरें देखीं, तो उन्हें तुरंत लगा कि उनकी फिल्म का नायक यही है। निर्देशक के अनुसार, ‘लोहिताक्ष’ एक वैश्विक स्तर की कहानी है जो केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने स्क्रिप्ट पर काफी लंबा समय बिताया है ताकि दर्शकों को हर मोड़ पर एक नया सस्पेंस और ट्विस्ट मिल सके। निर्देशक का मानना है कि जो दर्शक मर्डर मिस्ट्री और थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं, उन्हें यह फिल्म बेहद पसंद आएगी।