ही-ही-ही-ही हंस देलें रिंकिया के पापा… गाते हुए भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी अपनी बेटी रीति को रियलिटी शो बिग बॉस 20 में लाए थे. उस पल तक शायद कम ही लोग रीति को जानते थे. सलमान के शो में दिखने से रीति फेमस हो गई हैं. स्टेज पर भाईजान के सामने उनका स्वैग दिखा. खुद को रॉकस्टार कहने वाली रीति ने बीबी मंच पर गाना गाया. सलमान ने उनकी सिंगिंग स्टाइल की तारीफ की. रीति को कहा कि वो जरूर पापा का नाम रोशन करेंगी. करियर में खूब आगे बढ़ेंगी.
रीति पिता के गले लगकर बीबी हाउस में गईं. लेकिन उस घर की चौखट पर जैसे ही उन्होंने कदम रखा, वो 110 से ज्यादा कैमरों और देश की नजरों से सामने थीं. इतना बड़ा प्लेटफॉर्म मिलना नसीब की बात होती है. रीति पिता के नाम की बदौलत शो में तो आ गईं, लेकिन क्या भोजपुरी इंडस्ट्री की शान और सांसद मनोज तिवारी की बेटी के टैग से खुद को निकल पाएंगी?
पिता के स्टारडम ने मुश्किल की राह
रीति का बचपन मनोज तिवारी की बेटी होने के बोझ दले दबा रहा. उन्होंने खुद शो में खुलासा किया था कि उन्हें बचपन से कहा गया तुम मनोज तिवारी की बेटी हो, ऐसे उठो, ऐसे बैठो. इतना मत हंसो, ऐसे बात मत करो. हर मोड़ पर रीति को पिता के मान सम्मान का ख्याल और एक तय बाउंड्री में रहने को कहा गया. पिता के भारी-भरकम औहदे के आगे रीति सरेंडर कर खुद को भूलीं. इसी कहानी को बदलने वो बिग बॉस में आई हैं.. लेकिन क्या वो खुद की रियल साइड दिखा पाई हैं? जवाब है- नहीं.
सेफ गेम खेलकर कैसे करेंगी रूल?
गेम शो को 2 हफ्ते होने वाले हैं. लेकिन रीति ‘द मनोज तिवारी की बेटी’ के शैडो में ही खेल रही हैं. उनका सेफ गेम, खुद को खुद से छिपाने की कोशिश उन्हें गेम में भारी पड़ रही है. इसी वजह से वो बीबी हाउस में टीवी-फिल्मों के बड़े सितारों की भीड़ में खो गई हैं. वो गेम में संभलकर चल रही हैं.
छलका सालों पुराना दर्द
फर्स्ट वीकेंड का वार में सलमान ने रीति को पुश किया. उन्हें अपनी रियल पर्सनैलिटी के साथ गेम शो खेलने को कहा. दबंग खान की बात रीति को दिल पर ऐसी लगी, जैसे उनके पुराने जख्म किसी ने कुरेद दिए हो. वो घरवालों के सामने बिलखकर रोने लगीं. सालों से छिपा दर्द पहली बार उन्होंने पब्लिक किया. उस मोमेंट में स्टारकिड को देखकर लोगों का दिल पसीजा. जिस भार तले वो बचपन से जी रही हैं, उसकी इंटेसिटी लोगों को समझ आई. फैंस को लगा सलमान के समझाने के बाद उनका गेम अप होगा, पर अफसोस ऐसा होता नहीं दिखा.
मीम वर्ल्ड में ट्रेंड हो रहीं रीति
उल्टा रीति सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग झेल रही हैं. रवि किशन के बाद मीमर्स रीति के पीछे पड़ गए हैं. उनकी सिंगिंग स्टाइल का यूजर्स ने जमकर मजाक उड़ाया है. शो में जब भी रीति ने गाया है, अगले दिन इंटरनेट पर रीति का मजाक उड़ा है. लोगों का कहना है क्या सोचकर वो ग्लोबल स्टार बनने का सपना देखती हैं. एक यूजर ने लिखा- कॉन्फिडेंस 200 % और सुर 2 %. किसी ने कहा- कानों से खून आ गया. शख्स ने लिखा- हमारे धैर्य का कितना इम्तिहान लोगी. इंटरनेट यूजर्स ने उन्हें ढिंचैक पूजा से कंपेयर कर दिया.
इनसिक्योरिटी ने दिखाया आईना
बीबी हाउस में रीति की इनसिक्योरिटी भी झलकी है. काजी तौकीर की गायिकी और उन्हें मिले रॉकस्टार टैग से रीति का दिल दुखा है. उन्होंने खुद कनिका मान संग बातचीत में इसे कुबूला था. शायद ये पहली बार था जब शो में रीति ने अपनी सच्ची फीलिंग्स को शेयर किया था. लेकिन ट्रोल्स ने उन्हें इस बात पर घेर लिया. उनके लिए रीति का हर आंसू कंटेंट है और हर सुर मीम है.
बिग बॉस में आकर की गलती!
रीति को लेकर जिस तरह से पब्लिक रिएक्शन देखने को मिल रहा है, वो ये सोचने को मजबूर करता है कहीं उन्होंने बिग बॉस में आकर गलती तो नहीं कर दी? उन्हें फैंस का प्यार कम ट्रोलिंग ज्यादा झेलने को मिल रही है. मीमर्स को चुप कराने के लिए रीति को फीयरलेस होकर शो में गेम खेलना पड़ेगा. लोगों के दिलों में जगह बनानी होगी. रीति को तय करना होगा कि वो शो में भले ही मनोज तिवारी की बेटी बनकर आई हैं लेकिन बाहर रीति बनकर ही निकलेंगी.
उम्मीद है गेम में आगे जाकर रीति इतना शानदार खेलें. पिता की तरह बिग बॉस के बाद बुलंदियों को छुएं. अपनी पर्सनैलिटी के हर शेड को दिखाएं. तभी शो में उनका गेम पलट सकता है. आपको कैसा लगता है रीति का गेम?
—- समाप्त —-