‘BB 20’ के इस वीकेंड का वार में कोई कंटेस्टेंट घर से बेघर नहीं होगा, लेकिन सबसे कम वोट मिलने के कारण अमन गांधी अपनी एक लाइफ गंवा सकते हैं। वहीं, टीवी एक्टर मनीष गोयल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल धुल उर्फ मिट्ठू डॉन की वाइल्ड कार्ड एंट्री की खबरें चर्चा में हैं।
‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान खुलासा करेंगे कि काजी तौकीर डेंगू से पीड़ित हैं। लेकिन बावजूद उन्होंने पूरे हफ्ते शो में अपना कंट्रीब्यूशन दिया है। इसके साथ ही स्काउट OP और यंग DSA की क्लास लगने वाली है। लव गिल के साथ इन दोनों के ‘अजीब बर्ताव’ पर भी सलमान बात करने वाले हैं। लेकिन सबसे अधिक चर्चा दो नए वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट की है।
अमन गांधी को सबसे कम वोट, पर एविक्शन नहीं
‘बिग बॉस तक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार ‘BB 20’ का वीकेंड का वार एविक्शन से ज्यादा नए ट्विस्ट और वाइल्ड कार्ड एंट्री को लेकर चर्चा में है। अमन गांधी को सबसे कम वोट मिलने के कारण अपना एक ‘जीवनदान’ गंवाना पड़ेगा। सलमान खान ने अमन गांधी से घर में उनके योगदान के बारे में सवाल किया और कहा, ‘आप बस एक साइड कैरेक्टर बनकर रह गए हैं।’ दूसरी तरफ मनीष गोयल और नकुल धुल की एंट्री से घर का माहौल बदलने वाला है।
कौन हैं मनीष गोयल?
मनीष गोयल हिंदी टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हैं। वह ‘कहानी घर घर की’ से टेलीविजन पर अपने करियर की शुरुआत कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘भाभी’ और ‘अनुपमा’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया। स्टार प्लस के शो ‘भाभी’ में उन्होंने तिलक का मुख्य किरदार निभाया था। टीवी सीरियल्स के अलावा मनीष रियलिटी शोज में भी नजर आ चुके हैं। वह ‘जरा नचके दिखा’, ‘वेलकम- बाजी मेहमान नवाजी की’ और ‘बिग मेमसाब’ जैसे शोज का हिस्सा रहे हैं। वह ‘वेलकम- बाजी मेहमान नवाजी की’ के विजेता भी रह चुके हैं।
कौन हैं नकुल धुल उर्फ मिट्ठू डॉन?
नकुल धुल हरियाणा के फरीदाबाद से ताल्लुक रखने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। इंटरनेट पर वह ‘मिट्ठू डॉन’ के नाम से मशहूर हैं। वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर मीम्स, व्यंग्य, मजाक और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखने वाले वीडियो बनाते हैं। उनकी पहचान बेबाक अंदाज और तंज भरे कंटेंट से बनी है। नकुल ने वीआईटी वेल्लोर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। अब ‘बिग बॉस 20’ में उनकी संभावित एंट्री को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि, शो में उनकी एंट्री की खबरों के बीच उनके पुराने वीडियो भी दोबारा वायरल हो रहे हैं, जिनमें महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों की आलोचना हो रही है।
नकुल धुल की एंट्री से बिग बॉस के फैंस क्यों हैं नाराज?
नकुल धुल की वाइल्ड कार्ड एंट्री की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई है। इसकी मुख्य वजह महिलाओं को लेकर उनके पुराने वीडियो में की गई टिप्पणियां हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान से जुड़े गंभीर मुद्दों को मजाक के तौर पर पेश करना गलत है। वहीं, दूसरे वीडियो में महिलाओं को ‘नीचा जेंडर’ कहने वाली उनकी टिप्पणी को भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इन वीडियो के दोबारा वायरल होने के बाद उनकी संभावित एंट्री को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।
रात में लड़की का पीछा, नकुल धुल ने की थी विवादित टिप्पणी
नकुल धुल का एक पुराना वीडियो फरवरी 2026 में भी विवाद का कारण बना था। वीडियो में वह कहते सुनाई देते हैं, ‘किसी दिन लड़की के पीछे चल के देखो 11 बजे। तुम्हें पता लगेगा डर क्या होता है।’ इसके बाद वह दोस्तों से कहते हैं कि लड़की को छेड़ना नहीं है, बल्कि तेज चलना है, अचानक दौड़ना है और फिर उससे आगे निकल जाना है। इस दौरान वह अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल करते हैं और कहते हैं कि लड़कियों से डरने की जरूरत नहीं है। वीडियो में उनके एक दोस्त को हंसते हुए भी सुना जा सकता है। इस क्लिप के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े डर को मजाक बनाने पर सवाल उठाए थे। आलोचकों का कहना है कि रात के समय किसी अनजान व्यक्ति का पीछा करना महिलाओं के लिए वास्तविक डर और असुरक्षा की वजह बन सकता है। इस वीडियो को लेकर नकुल को फरवरी 2026 में भी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
महिलाओं को ‘नीचा जेंडर’ कहने वाला वीडियो भी वायरल
नकुल धुल का एक दूसरा पुराना वीडियो भी चर्चा में है। इसमें वह महिलाओं के लिए ‘नीचा जेंडर’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई देते हैं। वीडियो में वह कहते हैं, ‘बात ऐसी है कि नीची जेंडर के लोगों के साथ नहीं घूमते हम। ये है नीचा जेंडर। हम हैं ऊंचे जेंडर के लोग।’ इस बयान के सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके नजरिए पर सवाल उठाए। लोगों ने इसे महिलाओं को कमतर दिखाने वाली सोच बताया। अब ‘BB 20’ में उनकी संभावित एंट्री की चर्चा के बीच ये पुराने वीडियो फिर से सामने आए हैं, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
‘वीकेंड का वार’ में क्या होगा? स्काउट को लगेगी डांट
सलमान खान स्काउट OP के बर्ताव और काजी तौकीर के साथ उनके हालिया झगड़ों पर क्लास लगाएंगे। खासकर यह बताते हुए कि काजी की सेहत खराब है, उन्हें डेंगू है। स्काउट यह जानते हुए भी उनके साथ बेवजह उलझते रहे हैं। सलमान बताते हैं कि काजी को डेंगू हुआ था, फिर भी उन्होंने कभी अपना दर्द जाहिर नहीं किया और अपना बेस्ट दिया। सलमान ने काजी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उदिति सिंह के लिए एक बड़ा स्टैंड लिया था, लेकिन उदिति उन पर हंस रही थीं। इसे सुनकर काजी तौकीर इमोशनल हो गए।
लव गिल को पैर से छूने के लिए भी स्काउट की लगेगी क्लास
सलमान खान ने स्काउट OP से सोफे पर गलत तरीके से पैर रखने और लव गिल को छूने के बारे में सवाल किया। फिर सलमान ने लव से पूछा, ‘क्या ये आपके भाई हैं, छोटे या बड़े?’ फिर पूछा कि क्या वह उन्हें अपने पैरों से छूते हैं, जिस पर लव ने जवाब दिया, ‘हां।’ सलमान ने राशन वाले कैप्टेंसी टास्क में लव गिल का साथ दिया, जिसमें उन्होंने लगभग सारे राशन बैग ले लिए थे। उन्होंने लव के फैसले को सपोर्ट किया और कहा, ‘इसमें कुछ गलत था।’
क्या वाइल्ड कार्ड एंट्री से बदलेगा घर का गेम?
BB के घर में नए कंटेस्टेंट्स की एंट्री अक्सर पहले से बने रिश्तों और रणनीतियों को प्रभावित करती है। मनीष गोयल के टेलीविजन अनुभव और नकुल धुल के सोशल मीडिया फैनबेस से शो में नए इक्वेशन बन सकते हैं। फिलहाल दर्शकों की नजरें इस बात पर हैं कि दोनों की एंट्री कब होती है और घर के मौजूदा कंटेस्टेंट्स उनके साथ किस तरह तालमेल बैठाते हैं। साथ ही, नकुल धुल के पुराने बयानों को लेकर उठे सवालों पर शो में कोई चर्चा होती है या नहीं, यह भी देखने वाली बात होगी।