संवाद सूत्र, किशनगंज। दिघलबैंक थाना क्षेत्र में एक युवती को घर में ले जाकर मारपीट किए जाने से संबंधित वीडियो पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के वॉट्सएप पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है।
24/25 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे वीडियो मिलने के बाद एसपी संतोष कुमार ने तत्काल तकनीकी टीम से इसकी जांच कराई।
जांच में घटना दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हाल्ट रेलवे स्टेशन के आसपास की होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रात में ही विशेष अनुसंधान दल का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार एसपी के वाट्सएप पर प्राप्त वीडियो करीब चार-पांच महीने पुराना है। वीडियो के अवलोकन में एक युवती को कुछ लड़कों द्वारा एक घर में ले जाकर हल्ला-गुल्ला करने, डांटने और मारपीट करने की बात सामने आई।
सूचना मिलते ही एसपी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण कराया और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
वीडियो के आधार पर पांच की हुई पहचान
तकनीकी जांच और वीडियो के आधार पर पुलिस ने पांच युवकों की पहचान की है। इनमें अफसर उर्फ हती, पिता तजमुल, साकिन मुस्तफागंज, जुबेर खान, पिता मो. बसीर, साकिन श्रीपुर, मिजान उर्फ सलमान, पिता जहागीर, साकिन दहीभांगा, कामिल, पिता अशाउद्दीन, साकिन मुहरार टोली तथा शहनाज, पिता सबीर, साकिन जानीरपस्ती दहीभांगा शामिल हैं।
पहचान किए गए आरोपितों में अफसर उर्फ हती के गुजरात, जुबेर खान के हरियाणा, मिजान उर्फ सलमान के कर्नाटक और कामिल के पंजाब में रहने की जानकारी मिली है।
अन्य आरोपितों के संबंध में भी सत्यापन किया जा रहा है। सभी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन गई थी युवती
पुलिस ने पीड़िता की पहचान कर ली है। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह अपनी एक दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन गई थी। इसी दौरान आसपास के गांव के कुछ लड़कों ने उसे देख लिया।
आरोप है कि लड़कों ने उससे आपत्तिजनक टिप्पणी की और उसके साथ मारपीट की। बाद में स्थानीय स्तर पर मुखिया की मौजूदगी में ग्राम स्तरीय पंचायत भी आयोजित की गई थी, जिसमें विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया था।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसआईटी कर रही जांच
एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया गया है। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ मामले में शामिल सभी व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक युवक गिरफ्तार
तुलसिया हाट रेलवे स्टेशन के पास एक युवती के साथ मारपीट और डांटने से संबंधित वीडियो एसपी संतोष कुमार को भेजे जाने के बाद किशनगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में प्राथमिकी के नामजद आरोपित शहजाद, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी शब्बीर टोला, जागीर दहीभाट, थाना दिघलबैंक को पुलिस टीम ने दिघलबैंक से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।