Last Updated:
Nayyi Navelli vs Prahaar Box Office Collection Day 3: यामी गौतम की ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की ‘प्रहार’ के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. पहले वीकेंड में कौन आगे रहा और दोनों फिल्मों ने तीन दिनों में कितनी कमाई की? जानें पूरा कलेक्शन.
सिनेमाघरों में 16 अक्टूबर को रिलीज हुई यामी गौतम की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ और राजकुमार राव की कोर्टरूम ड्रामा ‘प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. पहले वीकेंड में दोनों फिल्मों की कमाई में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन कुल कलेक्शन के मामले में ‘नई नवेली’ ने बाजी मार ली है. वहीं, रविवार को कमाई में ज्यादा ग्रोथ के मामले में ‘प्रहार’ आगे रही. आइए जानते हैं कि तीन दिनों में दोनों फिल्मों ने कितना बिजनेस किया.
Sacnilk के मुताबिक, यामी गौतम, सुनीता राजवार और आदिनाथ कोठारे स्टारर फिल्म ‘नई नवेली’ को वीकेंड पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. रविवार को फिल्म ने भारत में 4.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. शनिवार को इसने 4 करोड़ रुपये कमाए थे, यानी तीसरे दिन कमाई में 10 परसेंट का इजाफा हुआ. शुक्रवार को 3.25 करोड़ रुपये से शुरुआत करने वाली फिल्म की कुल भारत नेट कमाई 11.65 करोड़ रुपये हो गई है.
Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशों में भी ‘नई नवेली’ ने अच्छी कमाई की है. रविवार को फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से 50 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 13.88 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 15.88 करोड़ रुपये हो गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘नई नवेली’ एक ऐसे परिवार की कहानी है, जिसकी जिंदगी में एक परफेक्ट बहू के आने से खुशियां लौटने लगती हैं. लेकिन जल्द ही परिवार के एक सदस्य को शक होने लगता है कि बहू के पीछे कोई खतरनाक राज छिपा है. हॉरर और कॉमेडी के मेल वाली इस कहानी में सस्पेंस भी देखने को मिलता है.
दूसरी तरफ, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर उज्ज्वल निकम की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘प्रहार – द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ ने भी रविवार को अच्छी कमाई की. Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने तीसरे दिन 3.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. शनिवार को इसका कलेक्शन 3.15 करोड़ रुपये था. इस तरह रविवार को फिल्म की कमाई में 15.9 परसेंट की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी ‘प्रहार’ में राजकुमार राव, जयदीप अहलावत और वामिका गब्बी अहम भूमिकाओं में हैं. Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का भारत नेट कलेक्शन 9.15 करोड़ रुपये और इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 10.86 करोड़ रुपये हो गया है. रविवार को विदेशों से 50 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन आने के बाद फिल्म का कुल ओवरसीज ग्रॉस 2 करोड़ रुपये पहुंच गया. इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 12.86 करोड़ रुपये है.
रिपोर्ट के मुताबिक, तीन दिनों के ओपनिंग वीकेंड के बाद ‘नई नवेली’ ने भारत में 11.65 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया है, जबकि ‘प्रहार’ की कमाई 9.15 करोड़ रुपये रही. इस तरह घरेलू नेट कलेक्शन में ‘नई नवेली’ 2.50 करोड़ रुपये से आगे है. वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन में भी फिल्म ने बढ़त बना रखी है.
हालांकि, रविवार को कमाई में ग्रोथ के मामले में ‘प्रहार’ आगे रही. अब नजर सोमवार के कलेक्शन पर रहेगी. देखना होगा कि वीकडेज में ‘प्रहार’ दोनों फिल्मों के बीच कमाई का अंतर घटा पाती है या ‘नई नवेली’ अपनी बढ़त बरकरार रखती है.