मुजफ्फरपुर: जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में बाजार जा रही एक युवती से छेड़खानी और अश्लील हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले में दो आरोपितों अनूप कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है. दोनों मोतीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
बाजार जाते समय युवती से की गयी छेड़खानी
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को मोतीपुर थाना क्षेत्र में एक युवती बाजार जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें व छेड़खानी की. आरोपितों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपितों की पहचान के लिए कार्रवाई की.
दो आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश
डीएसपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि 6 अक्टूबर को मोतीपुर थाना क्षेत्र में युवती से छेड़खानी का वीडियो वायरल होने की घटना सामने आयी थी. एसएसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अनूप कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है.
उन्होंने बताया कि मामले में मोतीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. वीडियो में दिख रहे अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है.
संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी
डीएसपी ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर में 14 वर्षीय छात्र पिंटू हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पड़ोसी दंपती गिरफ्तार