Last Updated:
Diwali 2026 Box Office Prediction: दिवाली का त्योहार फिल्मी कारोबार के लिए हमेशा खास रहा है, लेकिन इस बार मुकाबला कुछ ज्यादा दिलचस्प होने वाला है. एक तरफ भारतीय महाकाव्य पर आधारित बड़ी फिल्म से उम्मीदें हैं, तो दूसरी तरफ साउथ के सितारे अपनी फिल्मों के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं. ऐसे में दर्शकों के पास मनोरंजन के कई विकल्प होंगे. अब देखना होगा कि यह मुकाबला बॉक्स ऑफिस के पुराने आंकड़ों को कितना पीछे छोड़ पाता है.
नई दिल्ली. दिवाली पर पटाखों के साथ सिनेमाघरों में भी धमाका होने की उम्मीद है. इस साल दिवाली 2026 के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ा महा-मुकाबला देखने को मिलने वाला है. 5 नवंबर 2026 को रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है. इसके अगले दिन यानी 6 नवंबर को तमिल सिनेमा की दो बड़ी फिल्में सूर्या की ‘सीन’ और नयनतारा की ‘मुकुथी अम्मन 2’ रिलीज होंगी. अब सवाल यह है कि क्या ये तीनों फिल्में मिलकर दिवाली के बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना पाएंगी?
बात सिर्फ तीनों फिल्मों के रिकॉर्ड की नहीं हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ये तीनों फिल्में मिलकर 2024 की दिवाली पर बने 227.75 करोड़ रुपये के ओपनिंग रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगी? पिछले तीन साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो दिवाली पर फिल्मों की कमाई में बड़ा अंतर देखने को मिला है. साल 2024 सबसे मजबूत रहा. उस साल दो बड़ी हिंदी फिल्मों ने मिलकर पहले तीन दिनों में 227.75 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया था.
सैकनिल्क के मुताबिक, 2023 में ‘टाइगर 3’ रिलीज हुई. फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में 148.05 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली. 2024 में ‘सिंघम अगेन’ और ‘भूल भुलैया 3’ रिलीज हुई. दोनों फिल्मों ने शुरुआती तीन दिनों में 227.75 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया, 2025 में ‘थामा’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ दोनों ने सिर्फ 77.90 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन कर सकी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इन आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में दोनों फिल्मों की संयुक्त कमाई 2023 के मुकाबले करीब 54 फीसदी ज्यादा थी. अजय देवगन की ‘सिंघम अगेन’ और कार्तिक आर्यन की ‘भूल भुलैया 3’ एक ही समय पर रिलीज हुई थीं. इसके बावजूद दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की. एक्शन और हॉरर-कॉमेडी जैसे अलग-अलग जॉनर ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में मदद की.
वहीं, 2023 में सलमान खान की ‘टाइगर 3’ दिवाली के दिन रिलीज हुई थी. त्योहार की वजह से शुरुआती दिन के कारोबार पर असर पड़ने की बात कही गई थी. 2024 में दोनों फिल्में शुक्रवार को रिलीज हुईं. इससे उन्हें वीकेंड का फायदा मिला.
साल 2025 में तस्वीर अलग रही. ‘थामा’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ की पहले तीन दिनों साथ में कुल कमाई 77.90 करोड़ की. इससे साफ है कि केवल त्योहार पर फिल्म रिलीज करना बड़ी कमाई की गारंटी नहीं है. दर्शकों की दिलचस्पी, फिल्मों का कंटेंट और रिलीज की टाइमिंग भी अहम भूमिका निभाते हैं.
2026 में सबसे ज्यादा उम्मीदें ‘रामायण: पार्ट 1’ से हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे. यश और साई पल्लवी जैसे कलाकारों की मौजूदगी भी फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ाती है. हिंदी के अलावा दूसरी भाषाओं में रिलीज से इसे देशभर के दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलेगा. फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज करने और प्रीमियम स्क्रीन पर दिखाने की योजना इसकी कमाई के लिए अहम हो सकती है.
इसके सामने सूर्या की ‘सीन’ भी होगी. फिल्म को तमिल के साथ तेलुगु बाजार में भी रिलीज करने की योजना बताई गई है. इससे इसे तमिलनाडु के अलावा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कमाई का मौका मिल सकता है. फिल्म के निर्देशक जितु माधवन की पिछली फिल्म ‘आवेशम’ की सफलता भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा सकती है. दूसरी तरफ, नयनतारा की ‘मुकुथी अम्मन 2’ की कहानी का धार्मिक और फैंटेसी से जुड़ा अंदाज परिवारों को आकर्षित कर सकता है. लेकिन तमिल बाजार में एक साथ कई फिल्मों की रिलीज से स्क्रीन और दर्शकों के बंटने की चुनौती भी रहेगी.
माना जा रहा है कि ‘रामायण’ पहले हफ्ते में ही बड़ी कमाई कर सकती है. फिल्म का शुरुआती 4 दिनों में एक्सपेक्टेड लक्ष्य 320 करोड़ है. फिल्म को अच्छी रिस्पांस मिला तो ये आंकड़ा 400 करोड़ तक जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह अकेले ही 2024 के 227.75 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को बहुत पीछे छोड़ देगी.