बिग बॉस 20 की रीति तिवारी को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन रीति तिवारी के साथ-साथ उनके पिता मनोज तिवारी को भी भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
बिग बॉस 20 के घर में हर रोज घरवालों के बीच किसी न किसी बात पर लड़ाई देखने को मिलती है। बीते एपिसोड में काजी और मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी में एक टास्क के दौरान जबरदस्त बहस छिड़ गई। रीति ने डिस टास्क के दौरान उदिती के लिए कुछ अपशब्दों का प्रयोग किया था।
काजी तौकीर और रीति तिवारी के बीच जुबानी जंग
उदिती के लिए इस्तेमाल हुए अपशब्द काजी तौकीर को पसंद नहीं आए और वो रीति तिवारी पर भड़क गए। रीति और काजी तौकीर के बीच लड़ाई नई नहीं है। इससे पहले भी रीति तिवारी बुरी तरह काजी तौकीर पर भड़की थीं।
मनोज तिवारी को झेलनी पड़ रही सोशल मीडिया यूजर्स की नाराजगी
रीति घर में जिस तरह से काजी के साथ व्यवहार कर रही हैं, सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा काफी तेज है। सोशल मीडिया यूजर्स रीति तिवारी से काफी नाराज हैं। सोशल मीडिया यूजर्स की रीति तिवारी से नाराजगी का असर मनोज तिवारी को भी झेलना पड़ रहा है।
मनोज तिवारी के पोस्ट पर लोग कर रहे भद्दे कमेंट्स
मनोज तिवारी के इंस्टाग्राम पर अगर आप उनके पोस्ट पर कमेंट्स पढ़ेंगे तो पाएंगे कि रीति तिवारी का नाम लेकर लोग उन्हें भी ट्रोल कर रहे हैं। कई यूजर्स कमेंट बॉक्स में भद्दे कमेंट्स भी कर रहे हैं। ध्यान दें, लोग मनोज तिवारी की जिन रील्स और पोस्ट पर कमेंट्स कर रहे हैं, उन रील्स का बिग बॉस 20 से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।
मनोज तिवारी से बोले लोग- बेटी को तमीज सिखाएं
मनोज तिवारी ने दो दिन पहले पंजाब के एक इवेंट का वीडियो पोस्ट की थी। इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने मनोज तिवारी को उनकी बेटी रीति के व्यवहार की वजह से जमकर ट्रोल किया है। एक यूजर ने लिखा- अगर आपकी बेटी को तमीज होती, तो हमें ये सब कमेंट्स नहीं करने पड़ते। एक दूसरे यूजर ने लिखा- मनोज तिवारी आपकी बेटी दिमाग से पैदल है। एक ने कहा- सर, आपको रीति को कुछ तमीज तो सिखानी ही चाहिए थी।
लोग बोले- रीति को घर वापस ले जाओ सर
मनोज तिवारी की पुरानी रील्स पर भी लोग रीति तिवारी को लेकर ही कमेंट्स कर रहे हैं। मनोज तिवारी की करीब हफ्तेभर पुरानी एक रील पर लोगों ने लिखा- रिंकिया के पापा, प्लीज रिंकिया को घर वापस ले आओ। एक ने कहा- सर, आपकी बेटी आपका बना बनाया नाम खराब कर रही है। प्लीज उसे बिग बॉस से निकाल लीजिए। एक ने कहा- अपनी बेटी को कुछ तमीज तो सिखाओ।
काजी के फैन हुए सोशल मीडिया यूजर्स
जहां कुछ यूजर्स रीति तिवारी का नाम लेकर मनोज तिवारी को ट्रोल कर रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स उनके कमेंट सेक्शन में काजी तौकीर का नाम लेकर उन्हें चिढ़ा रहे हैं। उनके कुछ पोस्ट्स पर यूजर्स ने लगातार ‘काजी इज अ रॉकस्टार’ कमेंट किया है।
रीति तिवारी ने काजी तौकीर को दी धमकी?
सलमान खान ने जब घरवालों को बताया था कि काजी तौकीर अपनी मेंटल हेल्थ को लेकर सिर्फ एक्टिंग कर रहे थे। इसके बाद भी रीति तिवारी काजी तौकीर पर बुरी तरह भड़की थीं। कल के एपिसोड में रीति तिवारी ने धमकी वाले टोन में काजी तौकीर से कहा था कि अगर उनके ‘बाप’ उन्हें ये सब करते देख लेते तो उन्हें मालूम नहीं होता कि आपकी क्या हालत होती।
बता दें, रीति की ट्रोलिंग को लेकर अभी तक मनोज तिवारी ने कुछ भी नहीं कहा है। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस वीकेंड के वार पर मनोज तिवारी सलमान के सामने रीति को लेकर बात कर सकते हैं। मनोज तिवारी के बिग बॉस में आने की पुष्टि अभी बिग बॉस की तरफ से नहीं हुई है।