इन दिनों दिल्ली- एनसीआर में लड़कियों और महिला की सेफ्टी को लेकर काफी बातें हो रही हैं. ऐसे में एक शख्स ने एक एक्सपेरिमेंट किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. उसने अपने इस एक्सपेरिमेंट में ये दिखाने की कोशिश की है कि नोएडा रात में महिलाओं के लिए कितना सेफ है.
एक युवक साड़ी पहनकर रात के समय नोएडा की सड़कों पर निकल गया. उसने इस तरह से मेकअप किया था कि देखकर लोग पकड़ नहीं पाएं कि वह लड़का है. वह नोएडा की सड़कों पर काफी देर तक घूमता रहा. इस दौरान उसके साथ क्या- क्या हुआ, यह वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @dhiraj_sharmaa04 नाम के हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में एक लड़का पहले साड़ी पहनता है. विग लगाता है. लड़कियों की तरह मेकअप करता है. फिर निकल जाता है नोएडा की सड़कों पर.
रोड पर निकलते ही महिला बनी लड़के को लोगों ने घूर- घूर कर देखना शुरू कर दिया. सबसे पहले एक कैब वाला आता है और उसके पास गाड़ी रोककर उसे अजीब तरीके से देखने लगता है. इसके बाद फिर एक कार वाला उसके पास आकर अपनी गाड़ी रोक देता है. फिर वह जिधर- जिधर जाता है, कार वाला भी उसे फॉलो करने लगता है. आखिर में उसके सामने वह कार लगाकर उसे अंदर आकर बैठने को कहने लगता है.
इसके बाद वह वहां से तेजी से दूसरी तरफ चला जाता है. तब जाकर उससे उसका पीछा छूटता है. कुछ देर बाद एक कैब वाला वहां से गुजरता है. वह भी आगे जाकर रुक जाता है. इसके बाद वह कैब को घुमाकर उसके पास आता है. कैब रोककर ड्राइवर उसे अपनी ओर आने का इशारा करता है.
यह भी पढ़ें: VIDEO: एलियन स्टार का दुबई में जलवा, महंगी गाड़ियों में कर रहे सफर, बुर्ज खलीफा में गोल्ड कॉफी पीते आए नजर
यह देखकर लड़का वहां से भाग निकलता है. उसके बाद उसका साथी बाइक से आ जाता है. वह महिला के गेटअप में ही दोस्त की बाइक पर बैठने लगता है. उस वक्त भी कैब वाला उसकी तरफ तेजी से आने लगता है.
लड़के ने बताया यह काफी डरावना अनुभव रहा है. रात में नोएडा की सड़कों पर अकेली महिला का निकलना सेफ नहीं है. इस वीडियो पर काफी लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी है. एक यूजर ने लिखा है कि उसने साड़ी पहन रखी थी फिर भी लोग उसे घूर रहे थे. इसका मतलब ये है कि कपड़ा समस्या नहीं है. दूसरे यूजर ने लिखा है – ये पूरे इंडिया की प्रॉब्लम है. एक अन्य यूजर ने लिखा है – भारत में मॉरल वैल्यू और शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है.
—- समाप्त —-