उरई। संवाददाता शहर के कोंच बस स्टैंड के पास मंगलवार रात को उस समय लोगों की नजरें एक उरई कोतवाली की एक चौकी में तैनात सिपाही व दरोगा पर टिक गईं, जब सिपाही वर्दी में लड़खड़ाता और गिरते-पड़ते नजर आया जबकि कार में दरोगा भी दिखे। आसपास के लोगों ने लड़खड़ा रहे सिपाही को कार में बैठा कर दोनों को वहां से चलता कर दिया जबकि किसी ने उसका वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। हालांकि हिंदुस्तान ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।वायरल वीडियो मंगलवार रात का शहर के कोंच बस स्टैंड के पास का बताया जा रहा है जिसमें कुछ सेकंड में एक सिपाही वर्दी में दिखाई दे रहा है।
Kanpur News: उल्टी चली खाकी, आम आदमी ने टोका तो गाली दे थप्पड़ जड़ा
वह ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा है और लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे गिरता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान सिपाही के रूप में बताई जा रही है। वह उरई कोतवाली की एक चौकी पर तैनात बताया गया है। वहीं कार में बैठे में दरोगा का नाम भी सामने आ रहा है जबकि जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने कार में बैठे दरोगा के साथ सिपाही को भी किसी तरह कार में बैठाकर वहां से रवाना कर दिया। एसपी विनय कुमार सिंह ने कहा कि बस स्टैंड पर वर्दी में पुलिसकर्मी के लड़खड़ाने का वीडियो संज्ञान में आया है। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। वीडियो की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।