मधुबनी, विधि संवाददाता। रुपए के लिए ब्लैकमेल करने में असफल होने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर लड़की की शादी तोड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना को लेकर मधुबनी साइबर थाना में मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर के मो.अरमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला राजनगर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि अरमान अलग-अलग नंबरों से इनकेे मोबाइल पर परेशान करता है। पिछले एक महीने से इनकी बेटी की तस्वीर अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड कर ब्लैकमेल करता था। अश्लील गानों के साथ फोटो जोड़कर मेरी बेटी को बदनाम करता था।
फोटो वीडियो नहीं डालने के एवज में डेढ़ लाख रुपए की मांग करता था। अरमान के इस हरकत से उनकी बेटी की शादी टूट गई।आधी-आधी रात को फोन कर परेशान करता है। सोशल मीडिया पर उसके गलत पोस्ट से उनका मान मर्यादा धूमिल हो गया। साइबर थानाध्यक्ष डीएसपी अंकुर कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।