दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर से विरोध-प्रदर्शनों के बीच एक से बढ़कर एक अतरंगी ड्रामे सामने आ रहे हैं. जहां एक तरफ लोग पुलिस की हिरासत से बचने के लिए भागते-दौड़ते नजर आते हैं, वहीं एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने नेटिजन्स को हंसते-हंसते लोट-पोट कर दिया है. जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शनकारी खुद दिल्ली पुलिस के जवानों के आगे हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा कि “सर, मुझे भी अपने साथ डिटेन करके ले चलो.” पुलिस भी पहले तो यह फरमाइश सुनकर सन्न रह गई, लेकिन जब लड़के की जिद के आगे पुलिस पसीज गई, तो आगे जो ट्विस्ट आया उसे देखकर आप अपनी हंसी बिल्कुल रोक नहीं पाएंगे.
“अंकल, मेरे 3 दोस्त बस में हैं, मैं बिछड़कर कहां जाऊंगा?”
वायरल हो रहे इस मजेदार वीडियो में देखा जा सकता है कि दिल्ली पुलिस के जवान प्रदर्शनकारियों को पकड़-पकड़कर बस में चढ़ा रहे थे. इसी बीच एक नवयुवक दौड़ता हुआ पुलिस अफसरों के पास आया और खुद को हिरासत में लेने की गुहार लगाने लगा. शुरुआत में पुलिस अधिकारियों ने उसे देखा और साफ मना कर दिया कि आप यहां से जाइए.
लेकिन वह बंदा हार मानने को तैयार नहीं था. उसने बड़ी मासूमियत से कहा “अंकल, हम कुल तीन लोग साथ में आए थे. मेरे दोनों दोस्तों को आपने डिटेन करके बस में ठूँस दिया है. अब मैं अकेला उनसे बिछड़कर कहां जाऊंगा? मुझे भी उनके साथ ही ले चलो.” लड़के की यह ‘दोस्ती वाली दलील’ सुनकर पहले तो पुलिसवाले भी मुस्कुरा दिए. आखिरकार, पुलिस ने उसकी जिद के आगे घुटने टेक दिए और उसे पकड़कर दोस्तों वाली बस में बिठा दिया.
इंटरनेट का सबसे बड़ा क्लाइमेक्स दोस्त निकले ‘धोखेबाज’!
कहानी यहां खत्म नहीं हुई, असली सस्पेंस और ‘मोये-मोये’ पल तो बस में चढ़ने के तुरंत बाद आया. जैसे ही पुलिस ने इस ‘जिगरी यार’ को दया खाकर बस के अगले दरवाजे से अंदर बिठाया, बस के पिछले दरवाजे का नजारा कुछ और ही था. उसके जिन दो दोस्तों के चक्कर में वह पुलिस से मिन्नतें कर रहा था, वे दोनों दोस्त मौका पाकर बस के पिछले दरवाजे से चुपके से कूदकर हवा हो गए!
बेचारा लड़का अपने दोस्तों से मिलने की खुशी में बस में चढ़ा ही था कि उसने देखा दोनों दोस्त तो उसे अकेला बस में फंसाकर रफूचक्कर हो चुके हैं. दोस्ती का यह ‘कट गया’ वाला मोमेंट देखकर वहां मौजूद भीड़ और वीडियो देखने वाले लोग हंसी के मारे दोहरे हो गए.
यूजर्स ने कए मजेदार कमेंट्स
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर आते ही वायरल की श्रेणी में आ गया है. लोग लड़के की वफादारी और उसके दोस्तों की ‘गद्दारी’ पर जमकर चटकारे ले रहे हैं. कमेंट सेक्शन में यूजर्स लिख रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…”भाई की दोस्ती को सैल्यूट है, लेकिन दोस्तों ने जो ‘कटप्पा’ वाला बैकस्टैब किया है, वो जिंदगी भर याद रहेगा.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया.. “जब आपका दोस्त कहे कि ‘हम साथ जिएंगे और साथ मरेंगे’, तो समझ जाओ कि वो तुम्हें फंसाकर भागने वाला है.” एक और यूजर ने चुटकी ली.. “पुलिस सोच रही होगी कि हमने तो इसे दोस्त से मिलाने के लिए डिटेन किया था, पर यहां तो भारी मोये-मोये हो गया.”