छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय आज सोमवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 11:50 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से कार के जरिये छत्तीसगढ़ सदन जायेंगे । यहां पर उनका केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद छत्तीसगढ़ सदन दिल्ली में ही मुख्यमंत्री साय रात्रि विश्राम करेंगे।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी करेंगे पुरस्कारों का वितरण
देश में कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रबंधन, परिचालन दक्षता, सुरक्षा और सतत विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्रीय कोयला मंत्रालय की ओर से 2 नवंबर को मेफेयर लेक रिसॉर्ट नवा रायपुर में स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। किशन रेड्डी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच सितारा रेटेड खदानों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आज
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दूसरे दिन दो नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर में कला, संस्कृति, संगीत और लोकपरंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। तीन दिवसीय राज्योत्सव के तहत सोमवार को भारतीय कला और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। राज्योत्सव के मुख्य मंच पर ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य का मंचन होगा। वहीं फेमस गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति से समां बांधेंगी। प्रसिद्ध कलाकारों की संगीतमय प्रस्तुतियां होंगी। वहीं शिल्पग्राम में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए कलाकार अपनी लोककलाओं और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्योत्सव के दूसरे दिन आयोजित विशेष समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे।
दुर्ग से दिल्ली के बीच आज चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
त्योहारों के दौरान रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच दो नवंबर को एक फेरे की फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 08795 दुर्ग से सुबह 11 बजे रवाना होकर रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच शामिल है।
नवा रायपुर सेंध लेक पर आज भी उड़ान भरेंगे सारंग हेलिकाप्टर
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आज दो नवंबर को भी सेंध लेक नवा रायपुर के ऊपर सेना का सारंग हेलिकाप्टर रोमांचक उड़ान भरेंगे। सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक हवाई प्रदर्शन देखने को मिलेगा। स्थानीय प्रशासन ने दर्शकों से अनुरोध किया है कि वो समय से पहले पहुंचें और स्थानीय प्रशासन और आयोजनकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
विधायक पुरंदर मिश्रा की पीसी
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा आज दोपहर एक बजे जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेंगे।