‘बिग बॉस 20’ के 21 नवंबर के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में हंसी-मजाक, इमोशनल ड्रामा और तीखी बहस देखने को मिली, जब सलमान खान ने घर वालों के साथ बातचीत की। इस दौरान होस्ट ने स्काउटओपी और लव गिल के बीच के रिश्ते को लेकर उन्हें छेड़ा। वहीं, घर के बाहर मौजूद कंटेस्टेंट्स के दोस्तों के सवालों ने माहौल में नया तनाव पैदा कर दिया। घर के अंदर भरोसे और दोस्ती पर चर्चा के दौरान यंग डीएसए भी भावुक हो गए। हाल ही में ‘बिग बॉस 20’ में कनिका मान ने लव गिल और गुल्लू के लव एंगल पर बात की थी। इस मुद्दे पर सलमान खान ने भी अपनी राय रखी थी।
सलमान खान ने स्काउटओपी और लव गिल को छेड़ा
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान ने एपिसोड की शुरुआत काफी मस्ती भरे अंदाज में की। उन्होंने स्काउट से गाना गाने के लिए कहा और इस म्यूजिकल बातचीत में लव गिल और काजी तौकीर को भी शामिल किया। उन्होंने ‘फूलों का तारों का’ गाना गाकर स्काउट और लव के रिश्ते को लेकर उन्हें छेड़ा, जिससे बाकी कंटेस्टेंट्स हंस पड़े। इससे पहले कनिका मान और गुल्लू को गार्डन में बातचीत करते और मजाक-मस्ती करते देखा गया, जिसमें स्काउट भी शामिल हो गए। काजी ने भी गाना गाकर और अरिशफा खान के गाने के अंदाज की नकल उतारकर घर वालों का मनोरंजन किया।
दोस्तों ने ‘बिग बॉस 20’ कंटेस्टेंट्स से गेम पर किए तीखे सवाल
माहौल तब बदल गया, जब सलमान खान ने बताया कि कुछ कंटेस्टेंट्स के दोस्तों ने घर वालों के लिए वीडियो मैसेज और सवाल भेजे हैं। मनु पंजाबी ने कनिका से सवाल किया कि उन्होंने लव के चरित्र पर सवाल क्यों उठाए। एक और सवाल में उनसे पूछा गया कि उन्होंने स्काउट की पीठ पीछे उनके बारे में जिस तरह की बातें कहीं उस पर उनका क्या कहना है। एल्विश यादव ने गुल्लू से पूछा कि उनका गेम क्यों नहीं दिख रहा है। एक्टर करण वाही और समर्थ जुरेल ने भी आम्रपाली दुबे और काजी के लिए सवाल भेजे।
सलमान खान ने स्काउटओपी को लिया आड़े हाथ
सलमान ने स्काउट से पूछा कि उन्होंने यंग की बताई हुई कोई बात किसी और के साथ क्यों शेयर की, जिस पर यंग भावुक हो गए। इस चर्चा के दौरान कंटेस्टेंट्स के बीच वफादारी का मुद्दा सामने आया और यंग रो पड़े। इस दौरान स्काउटओपी ने कहा, ‘हां, सर मैंने कनिका मान और लव गिल को बताया था, लेकिन उनकी चिंता हो रही थी। बस इस वजह से, न कि गलत तरीके से।’ निरहुआ ने मनीष गोयल से भी सवाल किया कि क्या वह घर के अंदर अपनी मर्जी की बातें कहने के बावजूद जानबूझकर खुद को मासूम दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
बिग बॉस 20 में कोई एलिमिनेशन नहीं हुआ
घर से किसी के बाहर जाने की अटकलों के बावजूद 21 नवंबर के एपिसोड में कोई भी कंटेस्टेंट एलिमिनेट नहीं हुआ। इसके बजाय यह एपिसोड घर के सदस्यों के आपसी रिश्तों, उनके बर्ताव और घर के बाहर के लोगों द्वारा उठाए गए सवालों पर केंद्रित रहा। खबर है कि मनीष गोयल ‘बिग बॉस 20’ से पैर में चोट और दर्द सहित स्वास्थ्य कारणों के चलते बाहर हो गए हैं।
ये भी पढ़ें – ‘बिग बॉस 20’ में माही विज ने गंवाई लाइफलाइन, सलमान खान ने कंटेस्टेंट्स को लगाई फटकार