हाजीपुर में कार पार्किंग विवाद में महिला दारोगा ने की थी मारपीट, एसपी ने 3 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड


जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो मामले में वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। औद्योगिक क्षेत्र थाना की पुलिस अवर निरीक्षक नेहा कुमारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 

मामला इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हुए एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। इस वीडियो की जांच अपर पुलिस अधीक्षक, वैशाली से कराई गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय के माध्यम से जांच प्रतिवेदन समर्पित किया है।

जाम हटाने के दौरान कार चालक से नोक-झोंक

जांच प्रतिवेदन में इस बात की पुष्टि की गई है कि 14 अगस्त को पासवान चौक पर जाम हटाने के दौरान दारोगा नेहा कुमारी द्वारा कार के चालक मनीष कुमार के साथ नोक-झोंक की गई एवं उनकी पत्नी कुमारी खुशबु सिंह को सार्वजनिक सड़क पर धक्का देकर गिरा दिया गया।

औद्योगिक क्षेत्र थाना में अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरा के अवलोकन से स्पष्ट हुआ है कि थाना सिरिस्ता में मौजूद व्यक्ति रॉबिन उर्फ अनमोल कुमार के साथ नेहा कुमारी, औद्योगिक क्षेत्र थाना, सिपाही मिथलेश कुमार, नगर थाना एवं सिपाही रॉबिन हुड, औद्योगिक क्षेत्र थाना के द्वारा मारपीट की गई है, तथा वहीं पर मनीष कुमार एवं उनकी पत्नी कुमारी खुशबू के साथ घटनास्थल पर एवं थाना पर उचित व्यवहार नहीं किया गया। 

सड़क पर ही वाहन में दोनों बच्चों को छोड़ दिया गया

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय चारपहिया वाहन में दो छोटे बच्चे मौजूद थे, जिसे माता-पिता के साथ थाना नहीं ले जाया गया और सड़क पर ही वाहन में दोनों बच्चों को छोड़ दिया गया, जो माननीय न्यायालय के निर्देशों के विपरीत है। पुलिस की कार्रवाई में यह कृत्य घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं मनमानेपन का द्योतक है।

अपर पुलिस अधीक्षक, यातायात, वैशाली के समर्पित जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अवर निरीक्षक नेहा कुमारी, औधोगिक क्षेत्र थाना, सिपाही मिथलेश कुमार, नगर थाना एवं सिपाही रॉबिन हुड, औधोगिक क्षेत्र थाना द्वारा अपने कर्तव्य का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने के लिए तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, हाजीपुर रहेगा।

पासवान चौक के पास कार पार्किंग विवाद 

गौरतलब हो कि 14 अगस्त को औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत पासवान चौक के पास कार पार्किंग के विवाद में महिला दरोगा नेहा कुमारी ने कार चालक मनीष कुमार और उसकी पत्नी के साथ मारपीट किया। 

महिला दरोगा नेहा कुमारी ने मनीष कुमार उनकी पत्नी और एक वकील के विरुद्ध प्राथमिकी कराई। तीनों को न्यायिक हिरासत भेजा गया, हालांकि सभी को न्यायालय से बरी कर दिया गया था। महिला दरोगा ने उक्त लोगों पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।



Source link

Related posts

‘कहां टैक्स लगा है, वह तो हट गया’ UPI चार्ज पर भाजपा नेता का बयान वायरल – Where is tax It has been removed BJP Kanpur Bundelkhand Regional President statement on UPI charges goes viral lclam

बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए फल लेकर पहुंचा था शख्स, छीनाझपटी-लूट से हुआ निराश; Video में देखें रिएक्शन

नवगछिया के रंगरा थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर का शराब डील ऑडियो वायरल; थाने के पास डिलीवरी का दावा, महकमे में हड़कंप