संवाद सहयोगी, धौलाना। कपूरपूर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हुए हंगामे का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद हड़कंप मच गया। प्रसारित वीडियो में कुछ लोग अस्पताल में हंगामा कर रहे है। इस दौरान डाक्टर के साथ मारपीट करने और अस्पताल में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।
जानकारी के अनुसार समाना के रहने वाले मदन गिरी की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। स्वजन मरीज को लेकर अस्पताल से निकले, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मरीज की मौत की खबर मिलते ही स्वजन आक्रोशित हो गए और वापस अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर के साथ मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की
यहां इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टर के साथ मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की। घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के सामने भी डाक्टर के साथ मारपीट होती रही। इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद मृतक मरीज के स्वजन ने सड़क भी जाम की
घटना के बाद मृतक मरीज के स्वजन ने सड़क भी जाम की थी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई थी मरीज के स्वजन और अस्पताल स्टाफ के बीच में समझौता हो गया था। अगर शिकायत मिलती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।