‘हॉलीवुड से बेहतर है भोजपुरी’ बोले अक्षय कुमार, रील-मीम के दौर में कॉमेडी को बताया मुश्किल काम – akshay kumar welcome jungle bhojpuri better than hollywood comedy tough job tmovk


भूत बंगला की तगड़ी कामयाबी के बाद अक्षय कुमार अब अपनी नई कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल के लिए तैयार हैं. शुक्रवार को रिलीज से पहले, गुरुवार को इस फिल्म के पेड प्रीव्यू होने वाले हैं. नई फिल्म के प्रमोशन में जुटे अक्षय ने बताया है कि उन्हें अब कॉमेडी करना पहले से ज्यादा मुश्किल क्यों लगता है.

अक्षय का कहना है कि लोगों को हंसाना हमेशा से मुश्किल काम रहा है, लेकिन सोशल मीडिया के दौर में यह चुनौती और ज्यादा बढ़ गई है. आज लोग हर दिन फनी रील्स, मीम्स और स्टैंड-अप कॉमेडी देख रहे हैं, ऐसे में उन्हें नई तरह से हंसाना पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है. वेलकम टू द जंगल में भोजपुरी गाने के लिए खूब चर्चा बटोर चुके अक्षय ने यह भी कहा कि वह भोजपुरी को हॉलीवुड से बेहतर मानते हैं.

PTI से बातचीत में अक्षय ने कहा, ‘कॉमेडी अब पहले से कहीं ज्यादा चैलेंजिंग हो गई है. आज हर जगह रील्स, मीम्स और कॉमेडी कंटेंट मौजूद है. लेकिन कॉमेडी एक बड़ी नदी की तरह है, जो कभी सूखती नहीं. इसके बहुत रूप हैं – फिजिकल कॉमेडी, सिचुएशनल कॉमेडी, स्लैपस्टिक कॉमेडी और डार्क ह्यूमर.’

‘अब फिल्में ही मनोरंजन का इकलौता जरिया नहीं’

अक्षय का मानना है कि आज लोगों के पास एंटरटेनमेंट के ढेर सारे ऑप्शन हैं और फिल्में अब अकेला मीडियम नहीं रह गई हैं. उन्होंने कहा, ‘लोगों को हंसाने के अब अनगिनत तरीके हैं. आप इंस्टाग्राम खोलिए, आपको मीम्स और मजेदार वीडियो मिल जाएंगे जो कभी खत्म ही नहीं होते. लोग हर दिन कॉमेडी देख रहे हैं. इतने सारे कॉमेडी शोज हैं और टैलेंटेड स्टैंड-अप कॉमेडियन लगातार नया कंटेंट बना रहे हैं.’ हालांकि, इसके बावजूद अक्षय लोगों को हंसाने को आज भी सबसे मुश्किल कामों में से एक मानते हैं.

उन्होंने कहा, ‘लोग अक्सर कॉमेडी को कम आंकते हैं. मैं स्टैंड-अप कॉमेडियन्स का बहुत सम्मान करता हूं. अकेले मंच पर खड़े होकर लोगों को हंसाना बेहद मुश्किल काम है.’

‘खुद पर मजाक करना ज्यादा बेहतर है’

वेलकम टू द जंगल में गैंगस्टर्स, अपराधियों और कई अजीबोगरीब किरदारों की कहानी है, जिनके रास्ते देश की सीमा से लगे एक जंगल में टकराते हैं. फिल्म में अक्षय के साथ 30 से ज्यादा कलाकार नजर आएंगे, जिनमें सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी और लारा दत्ता समेत कई बड़े नाम शामिल हैं.

हाल ही में रिलीज हुए वेलकम टू द जंगल के ट्रेलर में कई ऐसे सीन्स हैं, जिनमें एक्टर्स खुद का मजाक उड़ाते नजर आते हैं. इस पर अक्षय ने कहा, ‘मुझे लगता है कि खुद पर मजाक करना किसी और का मजाक उड़ाने से कहीं बेहतर है. अगर मैं किसी दूसरे का मजाक बनाऊं, तो उसमें ज्यादा खुशी नहीं है. लेकिन अगर मैं खुद पर हंसूं, तो वह ज्यादा स्वस्थ तरीका है.’ फिल्म के एक डायलॉग का उदाहरण देते हुए अक्षय ने बताया, ‘एक सीन में जैकी (श्रोफ) कहता है, ‘मैंने आपको कहीं देखा है.’ इस पर सुनील जवाब देते हैं, ‘आप फ्लॉप फिल्में भी देखते हैं?’

अक्षय ने बताया कि जब डायरेक्टर और राइटर ने मुझे यह लाइन सुनाई, तो मैंने तुरंत कहा, ‘बहुत शानदार है, इसे रखिए.’ मुझे इससे समस्या क्यों होगी? क्या मैंने फ्लॉप फिल्में नहीं दी हैं? हर किसी ने दी हैं. इसे स्वीकार करने में क्या बुराई है? शायद इसलिए यह मजाक इतना अच्छा काम करता है.’

भोजपुरी स्टार का किरदार निभाने के लिए देखे 40 गाने

फिल्म में अक्षय एक ऐसे एक्टर के रोल में हैं, जो भोजपुरी सिनेमा का फीका पड़ चुका स्टार है. अक्षय ने बताया, ‘इसकी तैयारी करने में मुझे बहुत मजा आया. गाने की शूटिंग से पहले मैंने करीब 30-40 भोजपुरी गाने देखे. मैंने रवि किशन जी, पवन जी और कई दूसरे कलाकारों के गाने देखे.’

अक्षय का कहना है कि वह भोजपुरी कलाकारों का स्टाइल और एनर्जी समझना चाहते थे. उन्हें यह फील हुआ कि भोजपुरी कलाकार अपने काम में जबरदस्त एनर्जी लेकर आते हैं. उनकी परफॉर्मेंस में एक तरह की आजादी होती है. परफॉर्म करते वक्त आपमें कोई झिझक नहीं होनी चाहिए, वह एनर्जी नेचुरली फ्लो होनी चाहिए. उन्हें देखकर मैंने बहुत कुछ सीखा.’

‘फ्रेंचाइजी होना सक्सेस की गारंटी नहीं’

‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2007 में आई वेलकम से हुई थी. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ नाना पाटेकर, अनिल कपूर, परेश रावल, कटरीना कैफ और दिवंगत अभिनेता फिरोज खान नजर आए थे. इसके बाद 2015 में वेलकम बैक रिलीज हुई.

जब अक्षय से पूछा गया कि क्या फ्रेंचाइजी फिल्मों पर दांव लगाना बहुत सेफ होता है? तो उन्होंने कहा कि सब इस बात पर डिपेंड करता है कि फिल्म कितनी अच्छी है.

उन्होंने कहा, ‘यह न रिस्क है और न ही सेफ दांव. अगर फिल्म अच्छी है, तो अच्छी है. अगर अच्छी नहीं है, तो फ्रेंचाइजी होने का कोई मतलब नहीं.’

अक्षय ने कहा, ‘हाल ही में मेरी फिल्म भूत बंगला रिलीज हुई थी. वह कोई फ्रेंचाइजी नहीं थी. भगवान की कृपा रही और लोगों ने उसे पसंद किया. आखिरकार सब कुछ फिल्म पर निर्भर करता है.’ हालांकि अक्षय ने यह भी माना कि लोग पहले की फिल्मों को याद रखते हैं और उनसे जुड़ी एक रिकॉल वैल्यू होती है, लेकिन कोई फिल्म तभी चलती है, जब अच्छी होती है.

भोजपुरी में काम करने के लिए तैयार हैं अक्षय

वेलकम टू द जंगल के भोजपुरी गाने को जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली और जनता ने इसमें अक्षय की परफॉर्मेंस भी बहुत पसंद की. क्या अगर अक्षय को भोजपुरी में परफॉर्म करने का और मौका मिले तो वह इसके लिए राजी होंगे?

वेलकम टू द जंगल के ही एक दूसरे प्रमोशनल वीडियो में अक्षय ने इसका जवाब भी दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अक्षय ने कहा, ‘अगर कुछ अच्छा गाना होगा, और अच्छा सीन होगा या अच्छा रोल होगा तो क्यों नहीं करेंगे! जो अभी जैकलीन ने कहा कि भोजपुरी, हॉलीवुड से बेहतर है… यह लाइन मैंने ही दी थी इसको, यही सच है. हॉलीवुड वाले कभी देख ही नहीं सकते ऐसा गाना, उनको समझ ही नहीं आएगा. उन्होंने गाने ही नहीं देखे. तो हम गर्व से कह सकते हैं, हमारे इतने कल्चर हैं, हर कल्चर में इतने गाने बनते हैं और बहुत कुछ होता है.’

अहमद खान के डायरेक्शन में बनी वेलकम टू द जंगल शुक्रवार को थिएटर्स में रिलीज हो रही है. गुरुवार को इसके पेड प्रीव्यू शोज भी होने वाले हैं, जिसके लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है.

—- समाप्त —-



Source link

Related posts

शाबाश:पैराग्लाइडिंग हादसे में मरणासन्न हो गए थे हॉलीवुड सिनेमैटोग्राफर, Pgi ने डेढ़ घंटे में दिया जीवन – Hollywood Cinematographer Left Near Death In Paragliding Accident Pgi Saves His Life In 90 Minutes

मोदी पर फिल्म बनी तो हीरो कहां से लाएगा हॉलीवुड? डोनाल्ड ट्रंप का दिलचस्प बयान

‘द ओडिसी’ से ‘मोआना’ तक…जुलाई में मचेगी हॉलीवुड की धूम, आ रही हैं ये 5 फिल्में