एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रजनीकांत की एक्शन थ्रिलर फिल्म जेलर 2 (Jailer 2) घरेलू और वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर बुलेट ट्रेन की स्पीड से दौड़ रही है। दृश्यम 3 जैसी फिल्म को वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में पहले दिन पछाड़ने के बाद अब जेलर 2 ने दूसरे ही दिन ही 2026 की सबसे कमाऊ फिल्म धुरंधर 2 (Dhurandhar 2) का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ डाला है। शुक्रवार को दूसरे दिन फिल्म ने कुल कितनी कमाई की, पढ़ें डिटेल्स।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कहर बनी जेलर 2
नेल्सन के निर्देशन में बनी फिल्म जेलर 2 (Jailer 2 Collection) दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर बहुत ही तेज रफ्तार से दौड़ रही है। पहले दिन जहां रजनीकांत-विद्या बालन स्टारर फिल्म ने वर्ल्डवाइड 125 करोड़ की कमाई की थी, तो वहीं दूसरे दिन जेलर 2 की कमाई का ये आंकड़ा 200 करोड़ के पार हो चुका है। सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेलर 2 ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अब तक कुल 210.65 करोड़ तक की कमाई कर ली है। धुरंधर 2 का कौन सा रिकॉर्ड नीचे देखें।
धुरंधर 2 का तोड़ चुकी है विदेशी बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड
जेलर 2 विदेशों में कितना अच्छा परफॉर्म कर रही है, इस बात का अंदाजा आपको मूवी के ओवरसीज कलेक्शन से लग जाएगा। इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही विदेशी बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 को मात दे दी थी। रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर 2 ने ओवरसीज मार्केट में जहां दो दिन में 64 करोड़ का कलेक्शन किया था, तो वहीं रजनीकांत की मूवी दो दिन में ही ये कमाई का आंकड़ा पार कर चुकी है। जेलर ने महज 2 दिनों के अंदर ओवरसीज मार्केट में 97 करोड़ की कमाई कर ली है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ कमाने के करीब
पैन इंडिया रिलीज फिल्म जेलर 2 को भारत में पांच भाषाओं में रिलीज किया गया था। रजनीकांत की फिल्म ओरिजिनल भाषा तमिल के साथ-साथ हिंदी, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज हुई थी। फिल्म ने दो दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर जहां नेट कलेक्शन 96.80 करोड़ तक का किया, तो वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 113.65 करोड़ तक का हुआ है।
तमिल भाषा में जहां जेलर 2 ने 43.35 करोड़ तक की कमाई की है, तो वहीं तेलुगु भाषा में मूवी की कमाई 19.75 करोड़ तक की हुई है। इसके अलावा हिंदी में मूवी ने 6.40 करोड़ तक कमा लिए हैं। कन्नड़ में जेलर 2 का कलेक्शन सुस्त रहा और मूवी ने 70 लाख रुपए कमाए।