बॉलीवुड एक्टर हर्षवर्धन राणे के लिए साल 2027 काफी खास रहने वाला है. हाल ही में उनकी अपकमिंग फिल्म सिला की एक फिल्म की रिलीज डेट सामने आ चुकी है, जबकि तीन और फिल्में भी पाइपलाइन में हैं. यानी आने वाले साल में हर्षवर्धन एक के बाद एक अपनी फिल्मों के जरिए बड़े पर्दे पर नजर आ सकते हैं.
एक्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपनी आने वाली फिल्मों की जानकारी दी है, जिसके बाद फैंस भी उनकी अपकमिंग फिल्मों को लेकर एक्साइटेड हैं.
2027 में बॉक्स ऑफिस पर धमाका करेंगे हर्षवर्धन राणे
हर्षवर्धन राणे ने इंस्टाग्राम पर क्रेयॉन से बना एक बुके शेयर किया है. इसके जरिए उन्होंने साल 2027 में आने वाली अपनी चार फिल्मों की जानकारी दी. इस गुलदस्ते में पहली फिल्म ‘सिला’ की रिलीज डेट 5 फरवरी, दूसरी फिल्म ‘फोर्स 3’ की 19 मार्च और ‘पुलिस कंपनी’ की 4 जून बताई गई है. वहीं, चौथी फिल्म 13 अगस्त को रिलीज होगी, लेकिन इसके नाम का खुलासा अभी नहीं किया गया है.
इस पोस्ट के साथ एक्टर ने लिखा, ‘आपने मुझे माली बना दिया, तो ये रहे वे फूल, जिन्हें मैंने आपके लिए उगाया है.’
‘सिला’
‘सिला’ का निर्देशन ओमंग कुमार कर रहे हैं. फिल्म में हर्षवर्धन राणे के साथ सादिया खतीब लीड रोल में नजर आएंगे. इस फिल्म को ओमंग कुमार के साथ उमेश केआर बंसल, प्रगति देशमुख, हिमांशु तिवारी, अजय सिंह, धनंजय सिंह, अभिषेक अंकुर और कैप्टन राहुल बाली प्रोड्यूस कर रहे हैं. ये फिल्म ब्लू लोटस पिक्चर्स, स्टार्क एंटरटेनमेंट और इनोवेशंस इंडिया के बैनर तले बन रही है. हाल ही में मेकर्स ने इसका पहला पोस्टर भी रिलीज किया है.
‘फोर्स 3’
वहीं, ‘फोर्स 3’ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन भव धूलिया कर रहे हैं. इस फिल्म में जॉन अब्राहम एक बार फिर एसीपी यशवर्धन सिंह के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में तान्या मानिकतला, सूर्या शर्मा और कमलेश सावंत भी अहम भूमिकाओं में हैं.
‘पुलिस कंपनी’
वहीं, ‘पुलिस कंपनी’ का निर्देशन राम गोपाल वर्मा कर रहे हैं.
बता दें, हर्षवर्धन राणे आखिरी बार साल 2025 में आई रोमांटिक ड्रामा फिल्म एक दीवाने की दीवानियत में नजर आए थे. इसमें उनके साथ सोनम बाजवा लीड रोल में थी.