साउथ के सुपरस्टार एक्टर विजय सेतुपति की फिल्म महाराजा को अब हॉलीवुड में रीमेक किया जाएगा। मेकर्स ने कन्फर्म किया है कि उनसे रीमेक राइट्स के लिए संपर्क किया गया है।
लंबे वक्त तक भारतीय सिनेमा में हॉलीवुड फिल्मों को रीमेक किया गया है। अब धीरे-धीरे साउथ की ऑरिजनल फिल्मों ने वह कमाल करना शुरू किया है, जिस पर मेकर्स ही नहीं बल्कि ऑडियंस को भी फक्र होगा। साल 2024 में रिलीज हुई विजय सेतुपति की फिल्म ‘महाराजा’ को काफी प्यार मिला। इस फिल्म ने भारत के बाद चीन में भी काफी तारीफें लूटीं। अब खबर है कि इस फिल्म की कहानी को हॉलीवुड में रीमेक किया जाएगा। यह पहली तमिल मूवी होगी जिसे हॉलीवुड स्टूडियो रीमेक करने जा रहे हैं। हॉलीवुड के कुछ बड़े एक्टर्स को कास्ट करते हुए यह मूवी वहां अंग्रेजी में बनाई जाएगी।
जेलर और कुली को पछाड़ दिया
सुपरस्टार रजनीकांत की ‘जेलर’ और ‘कुली’ को पछाड़ते हुए कमल हासन की विक्रम को भी पीछे छोड़ दिया है। विजय सेतुपति की इस फिल्म ने पहली बार वह कमाल कर दिया है, जो अभी तक कोई तमिल मूवी नहीं कर पाई थी। प्रोड्यूसर सुधन सुंदरम ने TOI के साथ बातचीत में कन्फर्म किया है कि चीन में फिल्म के सक्सेसफुल रन के बाद मेकर्स को फिल्म के रीमेक राइट्स के लिए संपर्क किया गया था। हॉलीवुड एजेंसी अब चीजों के बीच तालमेल बिठाते हुए अगले साल की शुरुआत तक इसकी शूटिंग शुरू करने की प्लानिंग कर रही है।
कौन करेगा रीमेक में लीड रोल?
हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि अंग्रेजी में बनाई जा रही ‘महाराजा’ की रीमेक मूवी में लीड एक्टर कौन होगा, लेकिन सोशल मीडिया बज की मानें तो मैथ्यू मैकॉगे फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। सुधन ने बताया कि एक बार चीजें फाइनल हो जाएंगी तो एजेंसी अपनी रीमेक मूवी की स्टार कास्ट और अन्य चीजें रिवील करेंगी। सुधन ने बताया, “फिल्म की चीन में कामयाबी के बाद, क्योंकि वहां पर फिल्म ने बहुत अच्छी कमाई की थी, और ओटीटी पर भी अच्छा प्रदर्शन रहा, हमें हॉलीवुड एजेंसी की तरफ से रीमेक राइट्स के लिए संपर्क किया गया।”
क्या है फिल्म महाराजा की कहानी?
कहानी एक नाई की है, जिसके घर में चोरी हो गई है। वह पुलिस के पास शिकायत लिखवाने जाता है कि लक्ष्मी चोरी हो गई है। काफी वक्त तक पुलिस वाले कनफ्यूज रहते हैं कि लक्ष्मी किसी लड़की का नाम है या फिर किसी चीज का। धीरे-धीरे परतें खुलनी शुरू होती हैं तो एक अलग ही कहानी सामने आती है जिसमें कई ट्विस्ट हैं। दरअसल महाराजा नाम का यह नाई चोरी की शिकायत लिखाने के बहाने एक ऐसे केस को दुनिया के सामने लाना चाहता है, जिसे क्लाइमैक्स में पता लगने पर आपके पांव तले जमीन खिसक जाती है।
कितना रहा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन?
विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप स्टारर इस मूवी को बनाने में 20 से 25 करोड़ के बीच लागत आई थी। बात बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की करें तो सिर्फ भारत में इस मूवी ने ₹84.13 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था। फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 190 से 199 करोड़ के बीच रहा था। इस मूवी की दिल पर चोट करने वाली कहानी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया था। अगर आपने यह फिल्म अभी तक नहीं देखी है तो आप इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर एन्जॉय कर सकते हैं।