क्रिकेट में आए दिन अजब-गजब घटनाएं सामने आती रहती हैं. इस बार मामला कनाडा का है, जहां गेंदबाज ने ऐसा बाउंसर मारा कि गेंद सीधी छक्के में जाकर गिरी. इस समय कनाडा सुपर60 टूर्नामेंट खेला जा रहा है. 5 अक्टूबर को पहले सेमीफाइनल में टोरंटो सिक्सर्स और मिसीसौगा मास्टर्स की भिड़ंत हुई.
इस मुकाबले में टोरंटो सिक्सर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए थे, जबकि मास्टर्स 121 रन ही बना सके. आगे चलकर टोरंटो सिक्सर्स की टीम चैंपियन भी बनी. मगर सेमीफाइनल मुकाबले को अली खान की उस गेंद के लिए याद किया जाएगा, जो सीधे पिच पर टप्पा खाकर बाउंड्री रेखा के पार चली गई. हालांकि इसे 7 के बजाय 5 वाइड करार दिया गया.
टप्पा खाकर छक्के पर गई गेंद
टोरंटो सिक्सर्स की टीम बल्लेबाजी कर रही थी. पारी के 9वें ओवर में अली खान गेंदबाजी कर रहे थे, जबकि सामने कीरोन पोलार्ड थे. बताते चलें कि अली खान के पास जबरदस्त पेस है, जब उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर बाउंसर मारना चाहा, तो गेंद टप्पा खा कर सीधी बाउंड्री के पार चली गई. बल्लेबाज और कीपर बस गेंद को देखते ही रह गए.
कमेंटेटर भी यह नजारा देख स्तब्ध रह गए थे. आमतौर पर ऐसी घटनाएं बहुत कम देखी जाती हैं. कमेंटेटर्स ने पहले इसे 6 वाइड बताया, लेकिन MCC के नियम कहते हैं कि किसी टीम को 6 रन तभी दिए जा सकते हैं, जब गेंद बल्लेबाज के बैट से छूकर बाउंड्री के पार गई हो. इसलिए ग्राउंड अंपायर ने बल्लेबाजी टीम को 5 रन दिए. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
First in my bloodline to see wide ball go for Six (6wd) https://t.co/3NWky1KtpT
— Dinda Academy (@academy_dinda) October 5, 2026
चैंपियन बनी टोरंटो सिक्सर्स
कनाडा सुपर60 लीग में एक पारी 10 ओवर की होती है. टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला भी सोमवार को ही खेला गया. सिक्सर्स ने सेमीफाइनल में मास्टर्स की टीम को 9 रन से हराया. उसके बाद फाइनल टोरंटो सिक्सर्स और वैंकूवर एंकर्स के बीच खेला गया. फाइनल में एंकर्स ने पहले खेलते हुए 164 रन बनाए, जवाब में सिक्सर्स की टीम ने 5 विकेट शेष रहते मैच के साथ-साथ ट्रॉफी भी जीत ली.
यह भी पढ़ें:
2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए भारत की आधी टीम कंफर्म! आकाश चोपड़ा ने लिए 6 नाम
