सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ से मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी बाहर हो चुकी हैं. शो में उनका गेम दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आया. वहीं, रीति को अपनी सिंगिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया. शो में एक टास्क के दौरान रीति तिवारी और सिंगर काजी तौकीर के बीच भी जमकर विवाद हुआ था. अब शो से बाहर आने के बाद रीति ने काजी के साथ हुए इस विवाद पर खुलकर बात की है.
‘बिग बॉस 20’ के घर में रीति तिवारी और काजी तौकीर के बीच हुआ विवाद काफी चर्चा में रहा था. कैप्टेंसी टास्क के दौरान दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई थी कि मामला तीखी बहस और गाली-गलौज तक पहुंच गया था. इसके बाद वीकेंड के वॉर एसिपोड में रीति तिवारी को सलमान खान की फटकार भी सुननी पड़ी थी. अब शो से बाहर हो चुकीं रीति तिवारी ने काजी के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है.
रीति तिवारी ने क्या कहा?
‘बिग बॉस 20’ से बाहर होने के बाद रीति तिवारी ने अपना पहला इंटरव्यू दिया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि शो से बाहर निकलते वक्त उन्होंने काजी तौकीर से दिल से माफी मांगी थी और काजी ने भी उन्हें दिल से माफ कर दिया. रीति ने कहा कि अब दोनों के बीच किसी तरह की कड़वाहट नहीं है. उन्होंने ये भी बताया कि घर से बाहर निकलते समय काजी ने उन्हें एक अंगूठी दी थी. काजी ने ये अंगूठी उन्हें गुड विशेज और गुड लक के तौर पर दी थी. इस दौरान रीति ने अपनी अंगूठी भी फ्लॉन्ट की.
‘मैंने दिल से माफी मांगी थी…’
रीति तिवारी ने कहा, ‘मैंने दिल से माफी मांगी थी और काजी जी ने भी मुझे दिल से माफ किया. ये रिंग उनका गिफ्ट है. काजी जी के साथ जो भी हुआ उस घर में, वो मेरी अब तक की पूरी लाइफ का सबसे इंपॉर्टेंट पार्ट रहा है. मैंने घर में सब फील किया है. मैं हंसी हूं, मैं रोई हूं, मुझे गुस्सा आया, मुझे प्यार आया. और मुझे लगता है कि जो भी चीजें हमारे बीच में हुईं, वो गलत थीं.’
काजी तौकीर ने रीति तिवारी को दी रिंग
रीति तिवारी ने आगे कहा, ‘मैंने दिल से माफी मांगी है उनसे, मुझे बहुत बुरा लगा था. मुझे लगा कि मैंने अच्छा नहीं किया ये. सलमान खान सर ने मुझे इसका एहसास दिलाया. सबसे बड़ी बात ये है कि काजी जी ने मुझे दिल से माफ किया. जब मैं घर से निकली तो काजी जी ने मुझे रिंग दी. अपनी गुड विशेज और गुड लक के लिए दी. उन्होंने मुझे पहनाते हुए बोला कि “तुम इसे पहनो… तुम बहुत बड़ी स्टार बनोगी, मैं ये जानता हूं” मेरे उनके साथ बहुत अच्छा बॉन्ड है.’
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के घर में एक कैप्टेंसी और ‘डिस बैटल’ टास्क के दौरान रीति तिवारी और काजी तौकीर के बीच जमकर विवाद हुआ था. टास्क में काजी ने उदिति सिंह की तरफ से रैप किया था. इसके बाद जब रीति की बारी आई तो उन्होंने काजी और उदिति को लेकर कुछ आपत्तिजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं, जिस पर काजी भड़क गए.
देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला गाली-गलौज और धमकियों तक पहुंच गया. इस विवाद के बाद ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान ने भी रीति को उनके व्यवहार और भाषा को लेकर फटकार लगाई थी. वहीं, इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी रीति को काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.
