Home Morning News (खास खबरें)Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 30 अक्टूबर 2026 की सुबह की बड़ी खबरें और अन्य समाचार – aaj ki taza khabar 30 october 2026 morning top news headlines ntc

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 30 अक्टूबर 2026 की सुबह की बड़ी खबरें और अन्य समाचार – aaj ki taza khabar 30 october 2026 morning top news headlines ntc

by BollywoodNewsAndMovie


दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए केंद्र सरकार ने 27 हजार पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती 16 नवंबर तक बढ़ा दी है. वहीं, चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड में SIR की समय सीमा तीसरी बार बढ़ा दी है. इन खबरों के अलावा, मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. पढ़ें शुक्रवार सुबह की बड़ी खबरें

दिल्ली में अभी 16 नवंबर तक रहेगी 27 हजार पैरामिलिट्री फोर्सेज की तैनाती, 1 नवंबर की रैली के मद्देनजर फैसला 

दिल्ली में केंद्र सरकार ने 27 हजार पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती 16 नवंबर तक बढ़ा दी है. यह फैसला 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली INDIA ब्लॉक की रैली और कुछ संगठनों की ओर से अचानक विरोध प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए लिया गया है. इसके साथ ही त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी सुरक्षा बढ़ाई गई है. 

कांग्रेस की दिल्ली रैली से कारोबारियों को 10 हजार करोड़ के नुकसान का डर, सोनिया गांधी को CTI ने लिखा पत्र 

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली को लेकर राजधानी के कारोबारियों ने एक बार फिर चिंता जताई है. व्यापारियों के संगठन CTI ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर रैली की तारीख दिवाली के बाद रखने की मांग की है. इस पत्र में मांग की गई है कि रैली को दिवाली बाद किया जाए जिससे कारोबारियों को कोई दिक्कत नहीं होगी. 

राशिद खान ने रच दिया नया इतिहास, T20I में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज 

अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान टी20 इंटरनेशनल में 200 विकेट पूरे करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं.  गुरुवार को शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में तदिवानाशे मारुमनी को आउट करते ही उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली. इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने 19 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की. 

भूटान में कुदरत का कहर, फ्लैश फ्लड से सोलर प्रोजेक्ट ठप्प, हाईवे पर गिरा भारी मलबा 

भूटान के पुनाखा में मो छू नदी में आए फ्लैश फ्लड ने तबाही मचाई है. इसके कारण दोछुका-जोमलिंगथांग-रित्सा चीवोग में लगा सोलर इरिगेशन लिफ्टिंग सिस्टम आंशिक रूप से डैमेज हो गया है. बताया जा रहा है कि फ्लैश फ्लड के बाद सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया है.  दूसरी ओर, फ्लैश फ्लड के साथ बहकर आए भारी मलबे ने सड़क पर भी आवाजाही प्रभावित कर दी है.

ग्लेशियर झील फटने से कई इलाकों में तबाही, बंगाल के अलीपुरद्वार में 10 हजार लोग शिफ्ट किए गए, NDRF-SDRF तैनात 

भूटान में झील से अचानक पानी निकलने के बाद कई इलाकों में तबाही मची है. इसका असर भारत के पश्चिम बंगाल तक पहुंचने की आशंका के बीच अलीपुरद्वार में प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया. जिले में करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया. लोगों को स्कूलों और राहत शिविरों में ठहराया गया है.

रातभर बारिश से बढ़ी ठंड! दिल्ली-UP समेत 16 राज्यों में आज भी आंधी-पानी का अलर्ट, गिर सकते हैं ओले 

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से गुरुवार रात दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों में जमकर बारिश हुई. लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर को भी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. 

यमन में सऊदी अरब के हवाई हमले में 13 की मौत, 10 लाख की आबादी वाले शहर में भुखमरी का संकट 

यमन के ताइज शहर में गुरुवार को सऊदी अरब के हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई. हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है. वहीं, स्थानीय अधिकारियों ने दावा किया है कि हूती विद्रोहियों की घेराबंदी के कारण ताइज शहर में भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है. करीब 10 लाख लोगों के सामने गंभीर मानवीय संकट खड़ा है. 

SIR की समय सीमा फिर बढ़ी, दिल्ली में 22 दिसंबर और 5 राज्यों में 30 नवंबर को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट 

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड के लिए वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण की समय सीमा तीसरी बार बढ़ा दी है. अब दिल्ली में अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित होगी,  जबकि महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड में अंतिम वोटर लिस्ट 30 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी.

जामिया में छात्रों की बड़ी जीत! छात्रसंघ संविधान और चुनाव की डेडलाइन तय, स्टूडेंट्स ने खत्म की भूख हड़ताल 

जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों की मांगों को मानते हुए छात्रसंघ संविधान तैयार करने और चुनाव कराने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. आदेश के मुताबिक, छात्रसंघ के नए संविधान का निर्माण 15 मई 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा. वहीं, प्रशासन ने छात्रों से अपनी भूख हड़ताल तुरंत खत्म करने के लिए कहा, जिसके बाद स्टूडेंट्स ने अपना अनशन तोड़ दिया. 

GDP Forecast: वित्त मंत्रालय का बड़ा अनुमान, दूसरी तिमाही में 7.35% की दर से बढ़ेगी देश की जीडीपी! 

वित्त मंत्रालय की ताजा मासिक आर्थिक समीक्षा के अनुसार चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में देश की GDP की विकास दर 7.35% रहने का अनुमान लगाया गया है. यह मजबूत अनुमान ऐसे समय में आया है, जब पहली तिमाही में अर्थव्यवस्था ने 7.8% की शानदार रफ्तार दर्ज की थी. RBI की नीतियों और मजबूत पूंजी प्रवाह के चलते देश का विदेशी मुद्रा भंडार स्थिर है. 

—- समाप्त —-



Source link

You may also like

Leave a Comment