जागरण संवाददाता, बरवाला। शहर के मेन बाजार स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार शाम दूसरी शिफ्ट के दौरान शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच विवाद के बाद मामला बढ़ गया।
घटना के बाद स्कूल परिसर में शिक्षक के साथ परिजनों द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वहीं, छात्राओं का शिक्षक पर मारपीट करने का आरोप लगाने वाला वीडियो भी वायरल हो रहा है।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, दूसरी शिफ्ट के दौरान कक्षा में एक छात्र को मॉनिटर की जिम्मेदारी दी गई थी।
मॉनिटर और सहपाठी में हुआ झगड़ा
शिक्षक के कुछ समय के लिए कक्षा से बाहर जाने के दौरान मॉनिटर और एक अन्य सहपाठी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों में मारपीट हो गई।
शिक्षक के वापस आने पर उसे घटना की जानकारी मिली। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने छात्र के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर कुछ परिजन स्कूल पहुंच गए।
आरोप है कि परिजनों ने स्कूल परिसर में शिक्षक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
वहीं, एक अन्य वीडियो में छात्राएं शिक्षक पर कई छात्राओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। छात्राओं ने दावा किया कि मारपीट के दौरान एक छात्रा का चश्मा भी टूट गया।
बीईओ ने क्या कहा?
शिकायत नहीं मिली खंड शिक्षा अधिकारी जिले सिंह ने बताया कि अभी तक स्कूल प्रबंधन या परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। सोशल प्लेटफार्म पर वायरल वीडियो की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मामला मेरे संज्ञान में आया है। संबंधित बीईओ को तीन दिन के अंदर रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किए है। – रामरतन, जिला शिक्षा अधिकारी, हिसार।
