फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मछार ने 30 सितंबर को हुई घटना के बारे में नई जानकारियां दी हैं. वहीं, कोलकाता में खेले गए मुकाबले में भारतीय फुटबॉल टीम को ब्राजील के खिलाफ 4-0 से हार का सामना करना पड़ा. इन खबरों के अलावा, जापान के आइची नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा. पढ़ें रविवार सुबह की बड़ी खबरें
फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मछार ने 30 सितंबर को हुई घटना के बारे में नई जानकारियां दी हैं. कैप्टन के मुताबिक, ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी अपनी सीट से यह कहते हुए उठा था कि वह नमाज पढ़ना चाहता है. इसके कुछ ही मिनट बाद उसने पीछे से कैप्टन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी विमान में आपात स्थिति के लिए रखी गई थी.
अमेरिका से तनाव के बीच ईराक का बड़ा ऑपरेशन, होर्मुज से भेजा 20 लाख बैरल कच्चा तेल
इराक की सरकारी ऑयल टैंकर कंपनी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते एक बहुत बड़े क्रूड कैरियर से 20 लाख बैरल इराकी कच्चा तेल भेजा है. कंपनी के डायरेक्टर जनरल ने शनिवार को बताया कि दशकों में पहली बार कंपनी ने ऐसा ऑपरेशन किया है. इराक ने अपने ऑयल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति पहले ही ईरान से ले ली है.
होटल नहीं मिले तो बस अड्डे पर गुजारी रात, नैनीताल-शिमला-बद्रीनाथ तक जाम… सैलानियों से पटे पहाड़
गांधी जयंती और लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. नैनीताल में हालात ऐसे बने कि होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस फुल हो गए. देर रात तक सैलानी हाथों में सामान लिए कमरे की तलाश में भटकते रहे. जब कहीं ठहरने की जगह नहीं मिली तो कुछ पर्यटकों को बस अड्डे पर ही रात गुजारनी पड़ी.
वेस्टइंडीड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत को 5 विकेट से हरा दिया. मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज के सामने 352 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 10 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने ग्रोइन इंजरी के बावजूद नाबाद 162 रन बनाए.
CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े पुराने मामले की फिर होगी विजिलेंस जांच, केरल के गृह मंत्री ने दिए आदेश
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े एक पुराने मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं. दरअसल, यह मामला 2006 का है. उस समय ज्ञानेश कुमार राज्य के लोक निर्माण विभाग के सचिव थे. उन पर सरकारी कामों के ठेके देने में कथित अनियमितताओं के आरोप लगे थे.
संसदीय समितियों के पुनर्गठन में TMC को बड़ा झटका, गंवाई 2 चेयरपर्सन की कुर्सियां
संसद की विभाग संबंधी स्थायी समितियों का पुनर्गठन किया गया है. इसमें तृणमूल कांग्रेस को दो अहम समितियों की चेयरपर्सनशिप गंवानी पड़ी है. दरअसल, राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को समितियों का पुनर्गठन किया. कॉमर्स से जुड़ी संसदीय समिति के नए चेयरपर्सन बीजेपी के सुधांशु त्रिवेदी बनाए गए हैं.
कोलकाता में खेले गए मुकाबले में भारतीय फुटबॉल टीम को ब्राजील के खिलाफ 4-0 से हार का सामना करना पड़ा. ब्राजील ने 29वें मिनट में शानदार गोल के साथ भारत पर बढ़त बनाई. इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को मैच में वापसी करने का मौका नहीं मिला. भारत की तरफ से रयान विलियम्स और मनवीर सिंह ने कई बार ब्राजीली डिफेंस में सेंध लगाने की कोशिश की.
‘गोल्डन पंच’ से भारत का शानदार फिनिश! Asian Games 2026 में आए 21 गोल्ड समेत 85 मेडल
जापान के आइची नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारत का गोल्डन पंच के साथ शानदार समापन हो गया. पदक तालिका में भारत चौथे स्थान रहा. चीन 169 गोल्ड समेत कुल 341 पदकों के साथ पहले, जापान 83 गोल्ड और कुल 269 पदकों के साथ दूसरे, जबकि दक्षिण कोरिया 39 गोल्ड समेत 150 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अरामको की एक सुविधा को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया है. हूतियों का कहना है कि यह हमला यमन की राजधानी सना और दूसरे प्रांतों पर सऊदी हमलों के जवाब में किया गया. सऊदी अधिकारियों ने अभी तक हमले की पुष्टि नहीं की है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के चार्ज द अफेयर्स को बुलाकर सीमा पार घुसपैठ में मदद पर कड़ा विरोध जताया. भारत ने पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में हुई घटना पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताकर खारिज किया. भारत के मुताबिक तीन लोग सीमा में घुसे, BSF की कई चेतावनियों के बाद भी बाड़ की ओर बढ़ते रहे और खतरा बनने पर बीएसएफ को कार्रवाई करनी पड़ी.
—- समाप्त —-