चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई में 5 जजों के कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश की. वहीं, अमेरिका ने भारत की स्पेशल दवाओं पर टैरिफ नहीं लगाने का ऐलान किया. इन खबरों के अलावा, दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ थप्पड़ मामले में नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
सुप्रीम कोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश, कॉलेजियम ने केंद्र को भेजे नाम
CJI जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई में 5 जजों के कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति के लिए 3 नामों की सिफारिश की है. इनमें गुजरात हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस सुनीता, दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अपरेश कुमार सिंह शामिल हैं. इन नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में 37 जज हो जाएंगे.
भारतीय दवा कंपनियों को बड़ी राहत, स्पेशल ड्रग्स पर टैरिफ नहीं लगाएगा US
अमेरिका ने भारत समेत 20 देशों से आयातित कुछ स्पेशलिटी दवाओं और उनके इंग्रीडिएंट्स पर 0% एड वैलोरम टैरिफ लगाने का फैसला किया है. गंभीर बीमारियों, बांझपन, सेल थेरेपी और जीन थेरेपी की दवाओं में इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स पर यह दर लागू होगी. यह फैसला 29 सितंबर से कुछ पेटेंटेड फार्मास्यूटिकल्स पर 100% टैरिफ की तैयारी के बीच आया है.
ऐश्वर्या राय बच्चन ने पेरिस फैशन वीक में रैंप वॉक कर फैशन की दुनिया में अपना जलवा दिखाया. L’Oréal Paris की ग्लोबल एंबेसडर ऐश्वर्या डिजाइनर Yara Shoemaker के ब्लैक वेलवेट कैप गाउन में नजर आईं. ड्रामेटिक लॉन्ग कैप, साइड पार्टेड वेवी हेयर्स और मिनिमल मेकअप ने उनके रॉयल लुक को और खास बना दिया. अभिनेत्री का अंदाज़ फैंस को खूब पसंद आया.
कुशीनगर में टूटा बड़ा तटबंध, कई गांवों में घुसा पानी… NDRF और SDRF टीमें तैनात
यूपी के कुशीनगर में नारायणी नदी के तेज़ बहाव से सोमवार देर रात ततवा टोला के पास बड़ा तटबंध टूट गया. इससे आसपास के कई गांवों में पानी भर गया और बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर रात अधिकारियों से बात कर हालात की जानकारी ली और प्रभावित इलाकों में तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए.
पहली बार अंतरिक्ष में पहुंचा स्टारशिप, 26 सैटेलाइट छोड़ने के बाद प्रशांत महासागर में हुआ ब्लास्ट
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के स्टारशिप ने 14वीं टेस्ट उड़ान में पहली बार पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की. इस दौरान उसने 26 स्टारलिंक सैटेलाइट छोड़े. हालांकि, एक थ्रस्टर में खराबी आने के बाद मिशन तय समय से करीब 7 घंटे पहले खत्म करना पड़ा. स्टारशिप को हवाई के पास प्रशांत महासागर में उतारा गया, जहां वह ब्लास्ट हो गया.
बॉक्स ऑफिस पर गदर! 400 करोड़ पार ‘हनुमान अंश’, नानी की ‘द पैराडाइज’ ने पकड़ी रफ्तार, ‘द वन’ भी डटी
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ का जलवा कायम है. रिलीज़ के 52 दिन बाद भी फिल्म सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी है और वर्ल्डवाइड 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. नीम करोली बाबा की जिंदगी से प्रेरित फिल्म ने 52वें दिन भारत में 9 करोड़ रुपये नेट कमाए. फिल्म का अब तक वर्ल्डवाइड ग्रॉस 401.20 करोड़ रुपये हो गया.
थप्पड़ कांड में प्रवेश वर्मा के खिलाफ NCR दर्ज, AAP विधायक जरनैल सिंह पर FIR
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ थप्पड़ मारने की शिकायत पर नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है. पुलिस के मुताबिक, साहिब सिंह नाम के शख्स ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ शिकायत दी थी. शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 115 के तहत NCR दर्ज की गई है. अब पुलिस इस मामले की जांच करेगी.
DUSU चुनाव में हार की समीक्षा के लिए राहुल गांधी ने हाईलेवल बैठक बुलाई. बैठक में चुनाव नतीजों को लेकर पार्टी नेतृत्व की नाराज़गी सामने आई. इसमें केसी वेणुगोपाल, NSUI प्रभारी कन्हैया कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ मौजूद रहे. राहुल गांधी ने हैरानी जताते हुए कहा, ‘हम प्रेसिडेंशियल सीट जीतने के बेहद करीब थे, फिर ऐसा क्या हुआ?’
UAE ने की नेतन्याहू के दौरे की पुष्टि, ईरान और द्विपक्षीय रिश्तों पर हुई चर्चा
इज़रायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू के UAE दौरे की पुष्टि हो गई है. नेतन्याहू ने रविवार को UAE के राष्ट्रपति से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को मज़बूत करने और क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा हुई. नेतन्याहू के कार्यालय ने बताया कि यह यात्रा शेख मोहम्मद के न्योते पर हुई. बाद में UAE ने भी इस दौरे की पुष्टि कर दी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में भारत के एस्सार ग्रुप के साथ अमेरिका में बड़े स्टील प्रोजेक्ट का ऐलान किया. आयोवा में 15 अरब डॉलर के स्टील कॉम्प्लेक्स की योजना का अनावरण किया गया. इसे एस्सार ग्रुप की कंपनी मेसाबी मेटालिक्स विकसित करेगी. इस दौरान एस्सार ग्रुप के चेयरमैन रेवंत रुइया भी मौजूद रहे.
—- समाप्त —-