आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के समर्थन में आई टॉपर प्रिया शर्मा के दावे से एआई तस्वीर वायरल हो रही है। इसके साथ में वायरल हो रहा बयान फेक है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला पर मानसिक प्रताड़ना देने और जातिगत भेदभाव करने के आरोप लगे हैं। इसके बाद प्रोफेसर डूला पर केस दर्ज कर लिया गया। इस मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि आईआईटी की टॉपर प्रिया शर्मा ने प्रोफेसर डूला के समर्थन में बयान दिया है। पोस्ट में प्रोफेसर की फोटो के साथ एक युवती की तस्वीर दी गई है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि युवती की वायरल तस्वीर एआई-निर्मित है। इस तस्वीर के साथ वायरल हो रहा बयान भी फेक है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Abhishek Kumar’ ने 21 सितंबर 2026 को एक वीडियो के रूप में दोनों तस्वीरों को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “IIT बॉम्बे की एक छात्रा, जो उस घटना के समय वहां मौजूद थी, ने पूरी कहानी बताई है। सवाल: क्या आप और साहिल एक ही कोर्स में थे? और क्या आप वहां मौजूद थीं, जब प्रोफेसर ने उसे चीटिंग करते हुए पकड़ा? छात्रा: हां, हम एक ही कोर्स में थे। दोपहर करीब 1 बजे, सूर्यनारायण सर ने साहिल को चीटिंग करते हुए पकड़ा। वे उस पर चिल्लाए नहीं। उन्होंने कहा, “तुम क्या कर रहे हो? यह दूसरे स्टूडेंट्स के साथ गलत है। घबराओ मत। गलतिया तो सबसे होती हैं।” सवाल: लेकिन कई लोग कह रहे हैं कि प्रोफेसर सूर्यनारायण ने जाति के आधार पर स्टूडेंट्स के साथ भेदभाव किया? छात्रा: बिल्कुल नहीं। सूर्यनारायण सर हमारे सबसे अच्छे प्रोफेसर में से एक हैं। वे हमेशा बीच-बीच में मजाक करते हुए पढ़ाते थे और कभी किसी के साथ अलग तरह से व्यवहार नहीं करते थे। उनकी वजह से ही ‘पावर इलेक्ट्रॉनिक्स’ में मेरे ग्रेड्स में काफी सुधार हुआ है।” (अनुवाद)
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया। ‘एशियानेट न्यूज’ की वेबसाइट पर 21 सितंबर 2026 को इससे संबंधित एक खबर (आर्काइव लिंक) छपी थी। इसके अनुसार, “आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे ने 18 सितंबर 2026 को अपने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने प्रोफेसर डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में संस्थान की थर्ड ईयर की स्टूडेंट और टॉपर प्रिया शर्मा ने प्रोफेसर डूला के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।”
हालांकि, इसके अलावा हमें इससे संबंधित कोई अन्य रिपोर्ट नहीं मिली। हमने वायरल तस्वीर को गूगल लेंस से सर्च किया, लेकिन इससे संबंधित कोई मीडिया रिपोर्ट भी हमें नहीं मिली।
इसके बाद हमने युवती की तस्वीर को ध्यान से देखा। इसमें माइक की आईडी पर कुछ भी लिखा नहीं दिखा। हमने तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स से चेक किया। ‘हाइव मॉडरेशन’ ने इस तस्वीर को 99 फीसदी से अधिक एआई-संभावित बताया।
‘साइट इंजन’ और ‘ट्रुथ स्कैन’ ने भी इस तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना 99 और 97 परसेंट जताई।
इससे यह तो साबित होता है कि वायरल तस्वीर एआई-निर्मित है।
इस बारे में हमने मुंबई में दैनिक जागरण के रिपोर्टर विनोद राठौर से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “टॉपर प्रिया शर्मा के नाम से वायरल हो रहा बयान फर्जी है।”
क्या है संदर्भ?
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे 18 सितंबर 2026 को अपने कमरे में मृत मिले थे। ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 23 सितंबर 2026 को छपी एक खबर के अनुसार, “साहिल के माता-पिता ने आरोप लगाया कि वाकोडे को संस्थान में परेशान किया जाता था और उसने उन्हें जातिगत भेदभाव के बारे में बताया था। उसके पिता रवींद्र वाकोडे और मां सोनाली ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की गिरफ्तारी की भी मांग की है, जिन पर उनके बेटे के साथ भेदभाव करने का आरोप है।”
‘बीबीसी’ की 25 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “आईआईटी बॉम्बे ने साहिल के खिलाफ जातिगत दुर्व्यवहार के आरोपों का खंडन किया है। संस्थान ने अपने बयान में पहले कहा था कि साहिल परीक्षा में नकल करते पकड़े गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था कि मामले की जांच जारी है। प्रोफेसर डूला को डीन पद से हटा दिया गया है।”
एआई तस्वीर को शेयर कर गलत दावा करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। जुलाई 2023 में बने इस अकाउंट के 7400 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के समर्थन में आई टॉपर प्रिया शर्मा के दावे से एआई तस्वीर वायरल हो रही है। इसके साथ में वायरल हो रहा बयान फेक है।
- Claim Review : साहिल की मौत मामले में प्रो. डूला के समर्थन में आईं टॉपर प्रिया शर्मा।
- Claimed By : X User- Abhishek Kumar
- Fact Check : झूठ
Contribute to Vishwas News
कॉरपोरेट और राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर सत्ता को हमेशा आइना दिखाने वाली फैक्ट चेक जर्नलिज्म सिर्फ और सिर्फ आपके सहयोग से संभव है। इस मुहिम में हमें आपके साथ और सहयोगी की जरूरत है। फर्जी और गुमराह करने वाली खबर के खिलाफ जारी इस लड़ाई में हमारी मदद करें और कृपया हमें आर्थिक सहयोग दें।
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें