प्रदीप कुमार | आंवला16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
बरेली की तहसील आंवला के थाना सिरौली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर रील और स्टोरी बनाने का भूत युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। ऐसा ही एक मामला बुधवार 14 अक्टूबर को सामने आया है। लेकिन कुछ लोग लाइक्स और व्यूज के चक्कर में कानून को भी ताक पर रखने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई के बावजूद, कुछ युवकों में कानून का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है। ताजा मामला फेसबुक पर सामने आया है, जहां ‘सोहिल भाई’ नाम की एक फेसबुक आईडी से एक बेहद हैरान करने वाली स्टोरी पोस्ट की गई है।
कानून का उड़ाया मखौल
इस फेसबुक स्टोरी में एक युवक खुलेआम हाथ में अवैध तमंचा लेकर रौब झाड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। कट्टे के साथ खिंचाई गई इस तस्वीर को बाकायदा फेसबुक स्टोरी पर लगाकर कानून का सरेआम मखौल उड़ाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस तमंचे वाली स्टोरी का स्क्रीनशॉट अब इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वायरल तस्वीर के बाद स्थानीय लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सवाल यह उठता है कि आखिर इन युवाओं के पास ये अवैध हथियार कहाँ से आ रहे हैं? क्या सिर्फ चंद सेकेंड की सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने और ‘भौकाल’ जमाने के लिए ये युवक जेल जाने को तैयार हैं?
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन गंभीर और गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है। इस मामले में थाना सिरौली पुलिस वायरल हो रही स्टोरी का संज्ञान लेकर आरोपी युवक की शिनाख्त करने में जुट गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस ‘सोहिल भाई’ नाम के अकाउंट धारक को कब तक सलाखों के पीछे भेजती है।