Ayodhya News: रुदौली संवाददाता। रुदौली कोतवाली की शुजागंज चौकी क्षेत्र में खतरनाक बाइक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में एक युवक सड़क पर बेखौफ होकर बाइक से स्टंट करता नजर आ रहा है। युवक की यह हरकत उसके साथ ही राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनी हुई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी मिलते ही शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही बाइक के नंबर को चिन्हित कर वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 व 207 के तहत कार्रवाई की।
बाइक का 12 हजार रुपये का ई-चालान काटने के साथ ही उसे सीज कर दिया। चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाना और स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है। इससे स्टंट करने वाले के साथ राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे मामलों में भी जांच कर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।