बिग बॉस 20 का आज का वीकेंड का वार एपिसोड काफी धमाकेदार रहने वाला है। बीते सीजन में कमाल कर चुकीं फरहाना भट आज एपिसोड का हिस्सा होंगी।
बिग बॉस 20 का नया प्रोमो वीडियो जारी कर दिया गया है, जिसमें दिखाया गया है कि रविवार के एपिसोड में फरहाना भट ‘वीकेंड का वार’ में बतौर मेहमान शो पर आएंगी। फरहाना भट का बिग बॉस में आना जहां एक तरफ मेहमानों के लिए बहुत एक्साइटिंग होगा, वहीं दर्शकों को भी फरहाना और काजी तौकीर की परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी। प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि शो के होस्ट रोहित शेट्टी फरहाना भट का स्वागत करते हैं और फिर फरहाना स्टेज पर आकर घरवालों को उनके आने की वजह बताती हैं। दरअसल फरहाना अपने नए सॉन्ग को प्रमोट करने के लिए सेट पर पहुंची होती हैं।
काजी और फरहाना ने जमा दिया रंग
बिग बॉस 20 के घरवालों को फरहाना भट बताती हैं, “मेरा पहला सॉन्ग रिलीज हुआ है, जो मैंने खुद गाया है।” इससे पहले कि फरहाना आगे कुछ बोलतीं, रोहित शेट्टी उन्हें टोकते हुए कहते हैं कि फरहाना गाना गाकर सुना दो। काजी और आप एक-एक लाइन गा सकते हैं, या फिर पहले आप और फिर वो गाएं। इस पर काजी तौकीर सुझाव देते हैं कि एक लाइन आप गाओ, फिर एक लाइन मैं गाता हूं। फरहाना भट गाना शुरू करती हैं और फिर उनके गाने को काजी तौकीर अपनी आवाज में चार चांद लगा देते हैं।
फरहाना बोलीं- ट्रॉफी कश्मीर ही आनी..
प्रोमो वीडियो की सबसे दिलचस्प बात यह रही है कि फरहाना भट भी जाने से पहले अपने पसंदीदा खिलाड़ी काजी तौकीर से कहकर जाती हैं कि ट्रॉफी कश्मीर ही आनी चाहिए। सभी घरवाले इस परफॉर्मेंस के लिए तालियां बजाते हैं। बता दें कि काजी तौकीर को इससे पहले भी शो पर आए कई सेलेब्रिटीज अपना पसंदीदा खिलाड़ी बता चुके हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो काजी तौकीर खुद एक मशहूर सिंगर हैं और रियलिटी शोज में बाजी मारकर कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज दे चुके हैं। लेकिन अब वह बिग बॉस में बतौर कंटेस्टेंट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
कमेंट सेक्शन में क्या बोल रही पब्लिक?
बात प्रोमो वीडियो पर पब्लिक के रिएक्शन की करें तो लोग काजी तौकीर की आवाज की तारीफ करते नहीं थक रहे। किसी ने लिखा कि काजी की आवाज सुनने के बाद अब यह गाना फरहाना की आवाज में अच्छा नहीं लगेगा, तो किसी ने कहा- बिग बॉस में फरहाना भट जैसा हंगामा किसी ने नहीं मचाया है। एक यूजर ने लिखा- लोग बेवजह काजी को सपोर्ट नहीं करने के लिए फरहाना को हेट दे रहे थे। असल में उसे फक्र है कि काजी कश्मीर से है। एक फॉलोअर ने लिखा- ट्रॉफी तो कश्मीर ही आएगी, तो वहीं दूसरे ने लिखा- रोहित शेट्टी को ही होस्टिंग दे देनी चाहिए। इसी तरह के ढेरों कमेंट लोगों ने इस वीडियो पर किए हैं।