Bigg Boss 20 : सलमान खान आज टीवी के सबसे लोकप्रिय होस्ट्स में गिने जाते हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब छोटे पर्दे पर आने को लेकर खुद अभिनेता काफी असमंजस में थे। साल 2008 में जब उन्होंने रियलिटी शो ‘दस का दम’ से टेलीविजन पर कदम रखा, उस समय उनकी निजी जिंदगी, रिश्तों, फिल्मों और कोर्ट केस को लेकर लगातार नकारात्मक खबरें सामने आ रही थीं। सलमान ने अब ‘बिग बॉस 20’ के लेटेस्ट ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में उस दौर को याद किया और बताया कि कैसे इस शो ने लोगों की नजर में उनकी छवि बदलने में बड़ी भूमिका निभाई।
कंटेस्टेंट्स को दी खुलकर खेलने की सलाह
‘वीकेंड का वार’ के दौरान सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट्स से कहा कि उन्हें उनसे डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कंटेस्टेंट्स को अपनी असली पर्सनैलिटी दिखाने और खुलकर खेलने की सलाह दी। सलमान ने कहा कि पिछले हफ्ते कई प्रतियोगी काफी संभलकर खेल रहे थे, जबकि असहमति और बहस भी ‘बिग बॉस’ के खेल का हिस्सा हैं। सलमान ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर कंटेस्टेंट्स उन्हें शो में बात करने के लिए पर्याप्त मुद्दे ही नहीं देंगे, तो उनके पास ‘वीकेंड का वार’ में चर्चा करने के लिए ज्यादा कुछ नहीं होगा।
‘दस का दम’ से पहले चारों तरफ थी नेगेटिविटी
कंटेस्टेंट्स को समझाते हुए सलमान ने अपनी जिंदगी का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि ‘दस का दम’ का ऑफर उन्हें ऐसे समय मिला था, जब उनके खिलाफ काफी नकारात्मक माहौल बना हुआ था। कोर्ट केस से लेकर रिश्तों और फिल्मों तक, उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी खबरें लगातार चर्चा में थीं। सलमान ने बताया कि उस समय उन्हें ऐसा लगता था कि मीडिया में उनकी फिल्मों और काम से ज्यादा उनकी निजी जिंदगी पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि हर अखबार और टीवी चैनल पर उनके खिलाफ चल रही खबरों का असर था और इसी वजह से वह शुरुआत में टीवी शो करने के लिए तैयार नहीं थे।
पिता सलीम खान ने दी थी ये सलाह
सलमान ने बताया कि ‘दस का दम’ करने को लेकर उन्होंने अपने पिता और दिग्गज लेखक सलीम खान से भी बात की थी। शुरुआत में अभिनेता शो का हिस्सा बनने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पिता ने उन्हें खुद पर भरोसा रखने की सलाह दी।
सलमान के मुताबिक, सलीम खान ने उनसे कहा था- “भरोसा रखो, अपब्रिंगिंग दिखाओ।” इसके बाद सलमान ने शो करने का फैसला लिया। अभिनेता के मुताबिक, ‘दस का दम’ ने दर्शकों को उनके फिल्मी किरदारों से अलग उन्हें एक इंसान के तौर पर जानने का मौका दिया।
‘दस का दम’ में लोगों ने एक्टर नहीं, इंसान देखा
सलमान ने उस दौर को याद करते हुए कहा कि दर्शकों ने शो देखने के बाद उनके बारे में अपनी धारणा बदलनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी फिल्मों को पीछे छोड़कर ‘दस का दम’ देखना शुरू किया, क्योंकि वहां उन्हें एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक व्यक्ति नजर आया। अभिनेता ने कहा कि ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम दिल दे चुके सनम’ और ‘करण अर्जुन’ जैसी फिल्मों के बावजूद ‘दस का दम’ में लोगों ने उन्हें एक अलग नजरिए से देखा। सलमान ने यह भी कहा कि मीडिया में उनके बारे में जो छवि बन गई थी, वह सिर्फ एक एपिसोड के बाद ही काफी हद तक बदल गई।
अमिताभ बच्चन के ‘KBC’ से की तुलना
सलमान ने टीवी पर अपनी पहचान की तुलना अमिताभ बच्चन के ‘कौन बनेगा करोड़पति’ से भी की। उन्होंने कहा कि जिस तरह दर्शकों के बीच अमिताभ बच्चन और ‘KBC’ की पहचान जुड़ गई, उसी तरह ‘दस का दम’ ने भी उनके साथ एक खास रिश्ता बनाया। साल 2008 में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर शुरू हुआ ‘दस का दम’ इंटरनेशनल गेम शो ‘Power of 10’ का भारतीय रूपांतरण था। सलमान खान ने इसके तीनों सीजन होस्ट किए थे। शो में उनके बेबाक अंदाज और कंटेस्टेंट्स के साथ सहज बातचीत को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद सलमान खान ‘बिग बॉस’ के सबसे चर्चित होस्ट्स में शामिल हो गए। वह अब ‘बिग बॉस 20’ को होस्ट कर रहे हैं।