Bijnor News: हल्दौर नगर में चल रहे गुड्डी-दोयज मेले में गुरुवार देर रात बड़ा हिंडोला (झूला) का एक डिब्बा खुलकर नीचे गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में झूले के आसपास लोगों की भीड़ और अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो के साथ किए जा रहे दावे में हादसे के दौरान कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है। हालांकि हिन्दुस्तान समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि घटना गुरुवार देर रात मेले में उस समय हुई, जब झूला चल रहा था। इसी दौरान बड़े हिंडोले का एक डिब्बा कथित तौर पर खुलकर नीचे गिर गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मचने की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि मेले के आयोजन की अनुमति 17 सितंबर से एक अक्तूबर तक बताई गई थी। इसके बावजूद दो अक्तूबर को भी मेला संचालित होने की बात सामने आई है। ऐसे में निर्धारित अनुमति की अवधि समाप्त होने के बाद मेले के संचालन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।हादसे में वास्तव में कितने लोग घायल हुए और उनकी स्थिति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं, झूला संचालक और मेला आयोजकों की ओर से घटना के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जांच और मेले के झूलों की सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। हल्दौर थाना प्रभारी विजेंद्र राठी ने बताया कि मेला समाप्त हो चुका है। हिंडोले का डिब्बा गिरने की सूचना मिली है, लेकिन घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।